बोरी की घटना पर कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान पहुंचे घटनास्थल

0

आलीराजपुर/बोरी। बोरी थाना क्षेत्र में एक विधवा महिला के साथ हुए जघन्य अपराध की घटना के संदर्भ में मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान एवं सांसद अनिता चौहान ने आज भाजपा के प्रतिनिधिमंडल के साथ घटनास्थल का दौरा कर पीड़ित परिवार से मुलाकात की तथा पूरी घटना की जानकारी प्राप्त की।

मंत्री एवं सांसद ने पीड़िता के पिता और पुत्र से चर्चा कर उनका हालचाल जाना। साथ ही ग्राम के सरपंच, पंच एवं ग्रामीणों से भी विस्तृत चर्चा कर घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी ली। घटना की गंभीरता को देखते हुए कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान ने मौके से ही आईजी इंदौर रेंज से दूरभाष पर चर्चा कर आरोपियों के विरुद्ध कठोर एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी एवं ठोस कदम उठाने पर जोर दिया। उन्होंने मौके पर उपस्थित एसडीओपी आशुतोष पटेल को भी निष्पक्ष, सख्त एवं आवश्यक कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए।

इस दौरान कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार अपराध के प्रति “जीरो टॉलरेंस” की नीति पर कार्य कर रही है। अपराधी कोई भी हो, उसे किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा तथा कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

पत्रकारों द्वारा कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के दौरे संबंधी प्रश्न पर मंत्री चौहान ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक राजनीतिक दल को पीड़ित परिवार के साथ खड़ा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे संवेदनशील मामलों में सभी को न्याय दिलाने के उद्देश्य से सहयोग करना चाहिए, किंतु इस प्रकार की घटनाओं का राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए।

कैबिनेट मंत्री चौहान ने बताया कि पीड़िता के स्वास्थ्य की स्थिति पर सरकार लगातार नजर बनाए हुए है। रेफर किए जाने से लेकर इंदौर में भर्ती होने तथा वर्तमान उपचार तक वे संबंधित अधिकारियों एवं चिकित्सकों के निरंतर संपर्क में हैं और पीड़िता को सर्वोत्तम उपचार उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

घटनास्थल पर सांसद अनिता चौहान, भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष (मकू) परवाल, भाजपा झाबुआ जिला अध्यक्ष भानु भूरिया, जिला महामंत्री राजू मुवेल, पूर्व जिला अध्यक्ष शैलेश दुबे, पूर्व विधायक माधोसिंह डावर, युवा नेता विशाल रावत, जिला मीडिया प्रभारी गोविंदा गुप्ता, मंडल अध्यक्ष जीतू गुजराती, सुमेर सिंह, भाजपा युवा मोर्चा झाबुआ जिला अध्यक्ष कुलदीप, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के सोमसिंह सोलंकी सहित भारतीय जनता पार्टी का प्रतिनिधिमंडल उपस्थित रहा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.