दिनेश वर्मा झाबुआ 

भोपाल/इंदौर। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 12 जुलाई को इंदौर स्थित बीएसएफ परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस मौके पर बीएसएफ ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इस मौके पर सीएम डॉ. यादव ने बीएसएफ के जवानों और पृथ्वी संस्था के लिए 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज का दिन अद्भुत है। मां अहिल्या की नगरी गौरवशाली इतिहास के लिए जानी जाती है। उन्होंने सनातन की संस्कृति को जीवंत रखा और प्रकृति के साथ ताल-मेल बैठाया। मां अहिल्याबाई के समय में जगह-जगह बड़ी संख्या में बावड़ियां बनाई गई थीं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार बनने के बाद हमने लगातार जल संरक्षण के काम किए। शुरुआत में हमने छोटा अभियान हाथ में लिया, उसके बाद बड़ा अभियान चलाया। इस बार तो जल संरक्षण के लिए तीन महीने अभियान संचालित किया। इंदौर में भी बड़े पैमाने पर काम हुआ।

*जल संरक्षण के लिए दस हजार करोड़ के काम*

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हमारी सरकार ने 10 हजार करोड़ के तीन लाख कामों को पूरा किया। वनस्पतियां जीवन देने वाली होती हैं। मध्यप्रदेश नदियों का मायका है। इस पूरे अंचल में नदियों का आशीर्वाद है। जनापाव की पहाड़ियों से लेकर इंदौर तक गंगा के बेसिन की नदियां हैं। यहां से निकलने वाली क्षिप्रा, गंभीर, चंबल जैसी नदियां गंगा सागर तक की यात्रा करती हैं। आने वाले समय में इस तरह के और अभियान चलाए जाएंगे। पर्यावरण पर्यावरण के लिए हमसे जो हो सकेगा, वो सब करेंगे।

*इंदौर निभा रहा अग्रणी भूमिका*

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज अलनीनो का खतरा दिखाई दे रहा है। इस तरह के सारे खतरों से वृक्ष मुकाबला करने में सक्षम हैं। हमारे ये वृक्ष ऋषि-मुनियों की तरह तपस्या करते हैं और हमें आशीर्वाद देते हैं। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में और गृह मंत्री अमित शाह के मार्ग दर्शन में पूरे देश में नक्सलवादियों को आखिरी सलाम बोल दिया गया है। गौरतलब है कि अभियान की शुरुआत से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का शुभारंभ किया है। इसी अभियान अंतर्गत इंदौर में 21 लाख पौधे लगाने का संकल्प लिया गया है। बीएसएफ परिसर में 51 हजार पौधों का रोपण किया जा रहा है, जबकि आज इंदौर में कुल एक लाख पौधे लगाए जा रहे हैं। स्वच्छता और जनभागीदारी के क्षेत्र में देशभर में अपनी अलग पहचान बनाने वाला इंदौर अब पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *