वन महोत्सव के उपलक्ष्य में अणु पब्लिक स्कूल, थांदला के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

0

थांदला। वन महोत्सव के उपलक्ष्य में अणु पब्लिक स्कूल, थांदला द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपने उत्कृष्ट अभिनय के माध्यम से नगरवासियों को “वृक्ष लगाओ – प्रकृति बचाओ” का प्रेरणादायक संदेश दिया।

नुक्कड़ नाटक का मंचन थांदला नगर के प्रमुख स्थानों अम्बे माता चौराहा, आज़ाद चौक, पीपली चौराहा एवं अंत में अणु पब्लिक स्कूल परिसर में किया गया। प्रत्येक स्थान पर विद्यार्थियों ने अपने सशक्त अभिनय एवं प्रभावशाली संवादों के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण तथा प्रकृति के महत्व के प्रति जागरूक किया। नगरवासियों ने भी इस जन-जागरूकता अभियान में उत्साहपूर्वक सहयोग प्रदान किया तथा विद्यार्थियों के संदेश का स्वागत करते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं अधिक से अधिक वृक्षारोपण का संकल्प लिया। उपस्थित नागरिकों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुति की मुक्त कंठ से सराहना की।

इस अवसर पर विद्यालय के संचालक प्रदीप गादिया एवं प्राचार्या संध्या नायर विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने एवं उनकी नियमित देखभाल करने का आग्रह किया। नुक्कड़ नाटक की तैयारी एवं निर्देशन में टीचर अजिसन, शेफाली एवं जोएल का विशेष एवं सराहनीय योगदान रहा। इनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने आकर्षक एवं संदेशपूर्ण प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया।

विद्यालय परिवार ने बताया कि इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता तथा जन-जागरूकता का भाव विकसित करती हैं। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि “यदि प्रकृति सुरक्षित रहेगी, तभी मानव जीवन सुरक्षित रहेगा।”

अंत में विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं थांदला नगर के नागरिकों का इस जन-जागरूकता अभियान में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया तथा सभी से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। यह आयोजन नगरवासियों के लिए प्रेरणादायक एवं विद्यार्थियों के लिए एक यादगार अनुभव सिद्ध हुआ।

Leave A Reply

Your email address will not be published.