अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर पेटलावद सिविल अस्पताल में विशाल रक्तदान शिविर, 52 यूनिट रक्त संग्रहित 

0

शान ठाकुर, पेटलावद 

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन झाबुआ एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को सिविल अस्पताल पेटलावद में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिले में सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मानव सेवा का परिचय दिया।

उल्लेखनीय है कि झाबुआ कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के निर्देशानुसार वर्ष 2026-27 के रक्तदान कैलेंडर के तहत विभिन्न विशेष अवसरों पर जिलेभर में रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सिविल अस्पताल पेटलावद को रक्तदान शिविर के आयोजन स्थल के रूप में निर्धारित किया गया था।

शिविर में युवाओं, सामाजिक संगठनों एवं जागरूक नागरिकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के दौरान कुल 52 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जो जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित होगा। रक्तदान करने पहुंचे लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा कई युवाओं ने पहली बार रक्तदान कर समाज सेवा का संदेश दिया।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एम.एल. चोपड़ा भी उपस्थित रहे। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा महादान है और एक यूनिट रक्त कई लोगों का जीवन बचाने में सहायक बन सकता है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से नियमित रक्तदान करने की अपील भी की। डॉ. चोपड़ा ने कहा कि जिले में रक्त की निरंतर उपलब्धता बनाए रखने के लिए वर्षभर विभिन्न विशेष दिवसों पर ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिससे थैलेसीमिया मरीजों, प्रसूताओं, दुर्घटना पीड़ितों एवं अन्य गंभीर मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।

शिविर के दौरान रक्तदान करने वाले सभी रक्तवीरों का जिला प्रशासन की ओर से प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मान किया गया। सम्मान प्राप्त कर रक्तदाताओं ने इसे मानवता की सेवा से जुड़ा गर्व का क्षण बताया।

इस अवसर पर पेटलावद आजाद ब्लड ग्रुप के सदस्यों ने भी विशेष योगदान दिया। संगठन के सदस्यों ने स्वयं रक्तदान करने के साथ-साथ अन्य युवाओं को भी रक्तदान के लिए प्रेरित किया। उनके सहयोग से शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई।

अंत में सभी रक्तदाताओं, सामाजिक संगठनों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार जनहित के कार्यों में सहभागिता की अपेक्षा की गई।

रक्तदान शिविर में डॉ. एम एल चौपड़ा सीएमएचओ झाबुआ ने सभी रक्तदाताओ को प्रमाण पत्र ओर मेडल से सम्मानित किया..

शिविर में डॉ अंतिम सर. डॉ अखिलेश सरोड़ा सर. डॉ सचिन मौर्य. लेब टेक्नीशियन रुबीना खान. दिनेश परमार. हॉस्पिटल स्टाफ से नर्सिंग ऑफिसर मनीषा सिसोदिया चांदनी बघेल रणजीत बसोड एवं सी एच ओ श्री सत्यपाल सिंह एंड टीम एवं समस्त सिविल हॉस्पिटल स्टाफ का सहयोग रहा..

Leave A Reply

Your email address will not be published.