रासायनिक खाद की परेशानी की शिकायत पर तेहसीलदार ने किया निरीक्षण

0

मयंक विश्वकर्मा, आम्बुआ

इन दिनों क्षेत्र में किसान खरीफ की फसलों के बुआई की तैयारी में जुटे हैं साथ ही बारिश के पूर्व खाद बीज की व्यवस्था भी करने में जुटे हुए हैं, मगर शासन की नई व्यवस्था के कारण अनेक परेशानियां भी आ रही है,जिस कारण सहकारी समितियों में भारी भीड़ उमड़ रही है,समय पर तथा जरूरत के हिसाब से रासायनिक खाद नहीं मिल पाने के कारण परेशान किसानों ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व आलीराजपुर को शिकायत की जांच हेतु नायब तहसीलदार मंजू डावर ने संस्था का निरीक्षण किया तथा आवश्यक निर्देश दिए।

हमारे संवाददाता को नायब तहसीलदार मंजू डावर ने दूरभाष पर बताया कि आम्बुआ क्षेत्र के किसानों ने अनुविभागीय अधिकारी महोदय को खाद समय पर नहीं मिलने तथा जरूरत की रासायनिक खाद नहीं मिलने टोकन व्यवस्था ठीक नहीं होने तथा टोकन की समय सीमा तीन दिन होने के कारण समय पर खाद नहीं मिलने या समय पर खाद नहीं ले पाने के कारण टोकन निरस्त हो जाने के बाद पुनः टोकन निकालने के पुनः 100 रूपए भुगतान से आर्थिक भार पड़ने आदि की शिकायत की जांच हेतु अनुविभागीय अधिकारी के निर्देश पर आज आम्बुआ सहकारी समिति का निरीक्षण किया तथा वहां मौजूद किसानों से समस्या बाबद जानकारी प्राप्त कर संस्था कर्मचारियों से जब जानकारी ली गई तो पता चला कि शासन की नई गाइडलाइन के अनुसार टोकन देकर खाद वितरण किया जाना है इस नवीन व्यवस्था के तहत कुछ टेक्नीकल समस्या आ रही है जिसे दूर करने का प्रयास किया जा रहा है, इसी क्रम में अब टोकन सहकारी समिति में ही निकाले जा रहे हैं साथ ही एक कर्मचारी गोदाम पर तैनात किया जा रहा है पूर्व में एक ही कर्मचारी दोनो स्थानों पर कार्य कर रहा था,इस व्यवस्था से स्थिति में सुधार होगा।

किसानों की शिकायत है कि गोदाम में डी.ए.पी खाद का स्टाक होने के बाबजूद उन्हें नहीं दिया जा रहा है,जब इस बाबद संस्था से जानकारी ली गई तो पता चला कि कृषि विभाग द्वारा उक्त खाद को अमानक स्तर का बताकर इसके विक्रय पर रोक लगा देने से वह गोदाम में ही पड़ा हुआ है।

नायब तहसीलदार मंजू डावर ने बताया कि किसानों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी तथा उन्हें समय पर रासायनिक खाद बीज आदि मिलने के निर्देश दिए गए हैं तथा मैं स्वयं इसकी निगरानी कर रही हूं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.