शान ठाकुर, पेटलावद
पेटलावद थाना क्षेत्र के ग्राम बावड़ी में शुक्रवार को एक गंभीर विवाद सामने आया, जहां यात्रियों से भरी आशीष बस पर ट्रैक्टर सवार लोगों द्वारा हमला किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। घटना में बस चालक के साथ मारपीट करने के साथ ही एक महिला यात्री के साथ भी मारपीट की गई। इतना ही नहीं, आरोप है कि हमलावरों ने बस में जमकर तोड़फोड़ करते हुए उसके शीशे भी फोड़ दिए, जिससे बस में सवार यात्री भयभीत हो गए। वही महिला यात्री को हमलावर उठाकर ले जाने का प्रयास भी कर रहे थे। महिला ने खुद इस बारे में पुष्टि की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बावड़ी के मुख्य मार्ग पर एक ट्रैक्टर खड़ा हुआ था, जिस पर 4 से 5 लोग सवार थे। इसी दौरान आशीष बस वहां पहुंची। रास्ता अवरुद्ध होने पर बस चालक ने ट्रैक्टर हटाने के लिए हॉर्न बजाया। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर ट्रैक्टर सवार लोग आक्रोशित हो गए और बस चालक से विवाद शुरू हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और ट्रैक्टर सवार लोगों ने बस चालक के साथ मारपीट कर दी। बीच-बचाव करने आए यात्रियों के साथ भी अभद्रता की गई। आरोप है कि एक महिला यात्री के साथ भी मारपीट की गई, जिससे बस में मौजूद अन्य महिलाएं और बच्चे सहम गए। विवाद के दौरान बस में जमकर तोड़फोड़ किए जाने की बात भी सामने आई है। आरोप है कि हमलावरों ने बस के शीशों को नुकसान पहुंचाया और बस को क्षतिग्रस्त कर दिया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आए।
