शान ठाकुर, पेटलावद 

झाबुआ पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पाटीदार द्वारा जिले में अवैध गतिविधियों, शराब तस्करी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम हेतु लगातार समस्त थाना प्रभारियों को सघन वाहन चेकिंग एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिलेभर में विशेष अभियान चलाकर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की लगातार जांच की जा रही है।

 इसी क्रम में पेटलावद पुलिस टीम को दिनांक 29.05.2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि बदनावर-भैसोला तरफ से एक पिकअप वाहन में अवैध शराब भरकर लाई जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा बरवेट चौराहा सारंगी पर वाहन चेकिंग शुरू की गई। इसी दौरान संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, किन्तु चालक द्वारा वाहन नहीं रोकते हुए पेटलावद की ओर भागने का प्रयास किया गया।

पुलिस टीम ने तत्परता एवं सूझबूझ का परिचय देते हुए चौकी सारंगी के शासकीय वाहन से पीछा कर चौकी के पास घेराबंदी कर वाहन को पकड़ा। वाहन चालक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम संदीप पिता समसु चरपोटा उम्र 26 वर्ष निवासी तिखीपाड़ा तथा उसके साथी ने अपना नाम जितेन्द्र पिता राजु गणावा उम्र 19 वर्ष निवासी तिखीपाड़ा होना बताया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें तिरपाल के नीचे कुल 50 पेटी देशी मसाला शराब बरामद हुई। प्रत्येक पेटी में 50-50 क्वार्टर कुल 450 बल्क लीटर शराब पाई गई, जिसकी अनुमानित कीमत 1,50,000/- रुपये है। पुलिस द्वारा अवैध शराब एवं पिकअप वाहन क्रमांक MP45G2994 जिसकी कीमत लगभग 4,00,000/- रुपये है, कुल मशरूका 5,50,000/- रुपये जप्त किया गया। आरोपियों के विरुद्ध थाना पेटलावद में अपराध क्रमांक 249/2026 धारा 34(2), 36 आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। आरोपियों को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *