शान ठाकुर, पेटलावद पेटलावद के बावड़ी में यात्री बस पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले में तीन आरोपियों को नामजद करते हुए उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण कायम किया गया है। *मामला हुआ दर्ज* प्राप्त जानकारी के अनुसार पेटलावद थाने में दर्ज एफआईआर क्रमांक 0250/2026 में आरोप है कि 29 मई को दोपहर करीब 3:40 बजे बावड़ी क्षेत्र के समीप एक यात्री बस को रास्ते में रोककर आरोपियों ने विवाद किया। शिकायतकर्ता बस चालक दिनेश डामर ने पुलिस को बताया कि मोटरसाइकिल से आए आरोपियों ने बस के सामने वाहन लगाकर रास्ता रोका और बस पर पथराव कर दिया। इससे पूर्व बस चालक के साथ हॉर्न बजाने की बात पर विवाद किया गया था, उसके बाद आरोपियो ने प्लान बनाकर घटना को अंजाम दिया। घटना के दौरान बस के आगे के कांच, साइड के कांच तथा अन्य हिस्सों को नुकसान पहुंचा है। एफआईआर के अनुसार जब चालक, परिचालक और अन्य लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो आरोपियों ने मारपीट भी की। घटना में चालक, चालक की पत्नी, परिचालक सहित अन्य लोगों को चोटें आईं। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और मौके पर दहशत का माहौल बना दिया। पुलिस ने मामले में सुरेश मेड़ा, बहादुर मेड़ा और अर्जुन मेड़ा सहित अन्य को आरोपी बनाया है। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(ए), 115(2), 351(2), 3(5), 324(4) तथा 126(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक लाखन सिंह भाटी को सौंपी गई है। *बस संचालकों में आक्रोश* घटना के बाद क्षेत्र के बस संचालकों और कर्मचारियों में भारी नाराजगी देखने को मिली थी। सार्वजनिक परिवहन से जुड़ी बस पर हमले और कर्मचारियों के साथ मारपीट की घटना को लेकर सख्त कार्रवाई की मांग उठी थी। अब एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस जांच शुरू हो गई है। *जांच के बाद हो सकती है आगे की कार्रवाई* पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के दौरान प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, चिकित्सकीय दस्तावेज और अन्य साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर लिए जाने के बाद अब सभी की निगाहें जांच और आरोपियों के खिलाफ होने वाली आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं। Post navigation हॉर्न बजाने पर भड़के ट्रैक्टर सवार, यात्रियों से भरी बस में तोड़फोड़ जल जीवन मिशन योजना पर सवाल : कागजों में पूर्ण, जमीन पर अधूरी