अपने पति के साथ वेस्ट बंगाल जा रही महिला चलती ट्रेन से गिरी

0

शान ठाकुर, पेटलावद

गुजरात से अपने गृह राज्य पश्चिम बंगाल लौट रही एक महिला चलती ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना बामनिया और अमरगढ़ रेलवे स्टेशन के बीच की बताई जा रही है।  सूचना मिलने पर महिला को एम्बुलेंस की सहायता से पेटलावद सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए झाबुआ जिला चिकित्सालय रेफर किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पश्चिम बंगाल निवासी दबन्ति दास अपने पति अमित कर दास के साथ गुजरात की किसी निजी कंपनी में कार्य करती है। दोनों पति-पत्नी ट्रेन के माध्यम से गुजरात से अपने गांव पश्चिम बंगाल जा रहे थे। इसी दौरान बामनिया-अमरगढ़ रेलवे ट्रैक के बीच अचानक महिला चलती ट्रेन से नीचे गिर गई। हादसा कैसे हुआ, इसका स्पष्ट कारण फिलहाल सामने नहीं आ पाया है।

घटना के बाद आसपास के लोगों एवं रेलवे से जुड़े कर्मचारियों द्वारा तत्काल सहायता पहुंचाई गई। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायल महिला को पेटलावद के सिविल अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन महिला को गंभीर चोटें आने के कारण बेहतर उपचार के लिए झाबुआ जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान महिला के पति भी साथ में मौजूद थे। फिलहाल महिला का उपचार जारी है। वहीं पुलिस एवं रेलवे विभाग द्वारा पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि महिला का संतुलन बिगड़ने से वह ट्रेन से नीचे गिर गई, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.