सांसद अनिता चौहान ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री से मुलाकात की, आलीराजपुर-जोबट-बोरी-सरदारपुर मार्ग को फोर लेन करने की मांग

0

आलीराजपुर। क्षेत्रीय विकास एवं बेहतर सड़क संपर्क को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए रतलाम-झाबुआ-आलीराजपुर लोकसभा क्षेत्र की सांसद अनिता नागरसिंह चौहान ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर उनका आलीराजपुर जिले के दो मार्गों को लेकर विस्तृत चर्चा करते हुए पत्र सौंपा।

इस सौजन्य भेंट के दौरान सांसद चौहान ने चांदपुर (गुजरात सीमा) मार्ग से आलीराजपुर–आम्बुआ – जोबट – उदयगढ़ – बोरी – टांडा – सरदारपुर तक के मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित कर फोरलेन मार्ग बनाए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई, सांसद श्रीमती चौहान ने पत्र में कहा कि प्रस्तावित मार्ग, इंदौर अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 47 को गुजरात राज्य से जुड़े राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 56 से जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है । एक महत्वपूर्ण संपर्क कॉरिडोर का काम करेगा, जिससे मध्यप्रदेश और गुजरात के बीच आवागमन और अधिक सुगम होगा। वर्तमान में इस मार्ग पर यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है, जिससे सड़क उन्नयन की आवश्यकता महसूस की जा रही है। यदि इसे राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित कर फोरलेन विकसित किया जाता है तो यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी और समय की बचत होगी। इस मार्ग के उन्नयन से न केवल आवागमन सुगम होगा बल्कि क्षेत्र में व्यापार, उद्योग और रोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे। साथ ही आदिवासी अंचल को मुख्यधारा से जोड़ने में भी यह परियोजना महत्वपूर्ण साबित होगी।

आम्बुआ सेजवाडा मार्ग पर भी हुई सार्थक चर्चे

सांसद अनिता चौहान ने इस मार्ग के साथ ही केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री श्री नितिन गडकरी जी से आम्बुआ से सेजवास स्थिति राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण के विषय पर भी सार्थक चर्चा की, सांसद श्रीमती चौहान ने अवगत करवाया कि इस मार्ग को आपके द्वारा ही भूमिपूजन किया गया, जिसके निर्माण हेतु विभागीय प्रक्रियाएं चल रही है, किंतु उसकी गति अत्यंत धीमी होने से जमीनी स्तर पर ग्रामीणों को सिर्फ हताशा मिल रही है।   दोनों ही विषयों पर केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी जी द्वारा सांसद श्रीमती अनिता चौहान को विश्वास दिलाया गया कि उनके द्वारा संज्ञान में लाए गए दोनों मार्गों को लेकर जल्द ही सकारात्मक एवं जनहितैषी परिणाम देखने को मिलेंगे।

सांसद चौहान की पहल को जिले के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है और स्थानीय लोगों में भी इस मांग को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.