आगजनी पीड़ित परिवार से मिलीं जोबट विधायक सेना महेश पटेल, 50 हजार की सहायता की घोषणा

0

कट्ठीवाड़ा (आलीराजपुर)। कट्ठीवाड़ा ब्लॉक के ग्राम पंचायत खामडका अंतर्गत ग्राम केवड़ी (पुजारा फलिया) में हाल ही में हुई भीषण आगजनी की घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। इस दर्दनाक हादसे में बचला पिता गमजी का घर पूरी तरह जलकर खाक हो गया, जिससे परिवार को भारी नुकसान उठाना पड़ा।

घटना की जानकारी मिलते ही जोबट विधायक सेना महेश पटेल स्वयं मौके पर पहुंचीं और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने देखा कि आग में घर का समस्त गृहस्थी का सामान, खाद्यान्न, कपड़े, महत्वपूर्ण दस्तावेज तथा बच्चों की मार्कशीट तक जलकर नष्ट हो गई। यहां तक कि घर में बंधी दो भैंसों की भी जलकर मृत्यु हो गई। परिवार ने बड़ी मुश्किल से अपनी जान बचाई।

 पीड़ित परिवार  दुखी स्थिति देखकर विधायक भावुक हो गईं और उन्हें ढांढस बंधाते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिया। उन्होंने अपनी विधायक निधि से 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। साथ ही वे तत्काल राहत सामग्री के रूप में कपड़े, गेहूं और मक्का भी लेकर पहुंचीं।

मौके से ही कलेक्टर से की चर्चा, तत्काल सहायता के दिए निर्देश

विधायक ने मौके से ही कलेक्टर से दूरभाष पर चर्चा कर पूरी घटना से अवगत कराया। उन्होंने विशेष रूप से बताया कि आगजनी में पढ़ रही बच्ची के स्कूल व कॉलेज से संबंधित सभी महत्वपूर्ण दस्तावेज जल चुके हैं। इस पर उन्होंने प्रशासन से अनुरोध किया कि बच्चों के दस्तावेज जल्द से जल्द पुनः बनवाने की प्रक्रिया शुरू की जाए, ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो। इसके साथ ही विधायक ने पीड़ित परिवार को शीघ्र मुआवजा दिलाने, प्रधानमंत्री आवास योजना में नाम जोड़कर आवास उपलब्ध कराने तथा रेड क्रॉस के माध्यम से अतिरिक्त आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का भी कलेक्टर से आग्रह किया।

मूलभूत सुविधाओं की कमी पर जताई चिंता

इस दौरान विधायक ने क्षेत्र में सड़क, पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सरकार के बड़े-बड़े दावों के बावजूद जमीनी हकीकत कुछ और ही है और ग्रामीण आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। मौके पर कट्ठीवाड़ा ब्लॉक अध्यक्ष, कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी विधायक के साथ उपस्थित रहे। यह घटना जहां एक ओर प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े करती है, वहीं जनप्रतिनिधियों की संवेदनशीलता और तत्परता का भी उदाहरण प्रस्तुत करती है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.