भीषण कार दुर्घटना घायल हुए 7 युवकों में से एक ने दम तोड़ दिया। बचाव व उपचार कार्य रात 12:00 बजे बाद तक चलता रहा।
मृतक हर्ष
हादसा बुधवार रात करीब साढ़े आठ से 9 बजे के बीच नगर से 5 किमी दूर ग्राम बड़ा भावटा में हुआ। कार mp 09 wc 4818 में सवार होकर युवक कुक्षी जा रहे थे। सभी युवक सोमनाथ से घूमने गए थे। लौटते वक्त कार का संतुलन बिगड़ा और वह पेड़ से टकराकर पलटी खा गई। मौके पर आसपास के ग्रामीण और पुलिस की मदद से घायलों को एंबुलेंस से उपचार के लिए चंद्रशेखर आजाद नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। दुर्घटना में हर्ष माली (27), रोहित वर्मा (28), रितेश सोनी (35), दिनेश माली (35), दीपक माली (28), मोहित माली (28) जयंत माली (25) घायल हो गए। इनमें से चार गंभीर घायलों को उपचार के लिए दाहोद रेफर किया गया। जहां हर्ष ने दम तोड़ दिया। गुरुवार सुबह पीएम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द किया। सभी युवक कुक्षी के रहने वाले हैं।
आम का पेड़ टूटकर कार पर गिरा
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जिस आम के पेड़ से टकराई वह टूट कर कार पर ही गिर गया। इस कारण अंदर बैठे युवा बाहर नहीं निकल पाए। आसपास के ग्रामीण पहुंचे और पेड़ को हटाकर घायलों को बाहर निकाला। काफी मशक्कत के बाद पेड़ को कार से हटाया जा सका। लगभग एक से डेढ़ घंटे तक ग्रामीण मशक्कत करते रहे। इसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। मौके पर पुलिस बल भी पहुंचा। एएसआई भीमसिंह सिसोदिया, फारुख खान, आनंद अनारे जूनवाल और भूरिया ने मोर्चा संभाला।