लवनेश गिरी गोस्वामी @ थांदलारोड़
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नौगांवा में 5 हाई स्कूल के विद्यार्थियों को कैरियर मेले के अंतर्गत काउंसलिंग कर मार्गदर्शन दिया गया। कैरियर मेले में नौगांवा, नरसिंहपुरा, हत्यादेली खालखंडवी व चेनपुरा स्कूलों के कुल 150 विद्यार्थी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों को सात क्षेत्रों कृषि, कला, वाणिज्य, विज्ञान और तकनीक, ललित कला, सैन्य क्षेत्र, आरोग्य तथा जैविक विज्ञान की जानकारी देकर कक्षा ग्यारहवीं में विषय चयन के लिए प्रेरित किया गया। जिले से नियुक्त काउंसलर केशव धामावत, प्रवीण नायक व क्रिस्टोफर गुवारिया ने काउंसलिंग की तथा बताया कि कृषि के क्षेत्र में बागवानी पुष्पोत्पादन, मत्स्य पालन, फॉरेस्ट्री, पशुपालन का क्षेत्र का चयन कर सकते हैं। कला व मानव विज्ञान क्षेत्र का विस्तार काफी बड़ा है इसमें सिर्फ भाषाओं का अध्ययन ही नहीं बल्कि इतिहास, भूगोल, राजनीति विज्ञान, समाजशास्त्र, अर्थशास्त्र, मनोविज्ञान, दर्शनशास्त्र, साहित्य और विदेशी भाषा जैसे विषय भी शामिल है। वाणिज्य क्षेत्र मे सी.ए., सी.एस., आई.सी. डब्ल्यू ए, एम.बी.ए. का चयन किया जा सकता है। ललित कला के क्षेत्र में चित्रकला, रंगकला, मूर्तिकला, डिजाइनिंग, फोटोग्राफी और फिल्म निर्माण का क्षेत्र है। आरोग्य एवं जैविक विज्ञान में एम.बी.बी.एस., बी.ए. एम.एस., नर्सिंग, फार्मेसी, पैरामेडिकल, बायोमेडिकल, पशु चिकित्सा, हेल्थकेयर, फिर ट्रेनिंग, योगा, न्यूट्रीशन आदि का चयन किया जा सकता है। अभिरुचि के क्षेत्र में रक्षा दल, थल सेना, नौ सेना, और वायुसेना अर्ध सैनिक बल, केंद्रीय और राज्य आरक्षित पुलिस बल, होमगार्ड, अग्निशमन सेवा का क्षेत्र का चयन किया जा सकता है। छात्रों में भाषिक क्षमता, तार्किक क्षमता, स्थानीय क्षमता व संख्यात्मक क्षमता का सुधार किया जा सकता है। चुने गये रुचि क्षेत्र के अनुसार मार्ग बदलते हैं। इन सभी मार्गो में भविष्य की वृद्धि और उच्च शिक्षा संभव के विषय में मार्गदर्शन प्रदान किया गया। उक्त कार्यक्रम में नोगांवा स्कूल प्राचार्य एस. एस. पालावत, नरसिंहपुर स्कूल प्राचार्य के.पी. सिंह, संस्था के वरिष्ठ शिक्षक मनीष पालीवाल के साथ सभी संस्थाओ के सभी शिक्षक उपस्थित रहे। बच्चों के साथ उनके पालक भी उपस्थित रहें।

)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *