शान ठाकुर, पेटलावद/वीरेंद्र बसेर घुघरी

करवड़ पुलिस चौकी क्षेत्र में हुए युवक के सनसनीखेज अंधेकत्ल का खुलासा करते हुए झाबुआ पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि दोस्ती के पीछे लंबे समय से रंजिश पल रही थी और इसी रंजिश ने एक युवक की जान ले ली। आरोपी ने शराब पार्टी का बहाना बनाकर अपने ही मित्र को सुनसान इलाके में बुलाया और टामी से हमला कर मौत के घाट उतार दिया।

प्रकरण के अनुसार चंवरापाड़ा निवासी ईश्वर पारगी ने पुलिस को सूचना दी थी कि उसका भाई शांतु पारगी 17 मई 2026 से लापता है। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन 18 मई को बामनझीरी क्षेत्र में शांतु का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद हुआ। शव के चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिलने से हत्या की आशंका गहरा गई। पुलिस ने पहले मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद थाना पेटलावद में अपराध क्रमांक 239/2026 धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

एसपी ने खुद संभाली मॉनिटरिंग

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों को हर पहलू से जांच के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिपाल सिंह महोबिया तथा एसडीओपी अनुरक्ति साबनानी के मार्गदर्शन में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की अंतिम लोकेशन, उसके संपर्क में रहे लोगों और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को आधार बनाकर जांच आगे बढ़ाई। पुलिस को जानकारी मिली कि घटना वाले दिन शांतु पारगी अपने मित्र दिनेश उर्फ दितिया मोरी के साथ देखा गया था। घटनास्थल से शराब के क्वार्टर, पानी की बोतल और अन्य सामग्री भी बरामद हुई, जिससे पुलिस का शक और गहरा गया।

शराब पार्टी के बहाने बुलाकर की हत्या

23 मई 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी दिनेश मोरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने पूरा घटनाक्रम कबूल कर लिया।

आरोपी ने बताया कि मृतक शांतु उसकी गैरमौजूदगी में उसके घर आता-जाता था, जिससे वह अंदर ही अंदर नाराज रहता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच मनमुटाव चल रहा था। बदला लेने की नीयत से आरोपी ने शांतु को शराब पार्टी के बहाने सुनसान स्थान पर बुलाया। वहां शराब पीने के दौरान मौका देखकर उसने टामी से शांतु पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।

पांच दिन में खुला अंधेकत्ल

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल था। पुलिस पर जल्द खुलासे का दबाव भी बना हुआ था। ऐसे में पेटलावद पुलिस ने साइबर सेल और मुखबिर तंत्र की मदद से महज पांच दिनों में पूरे मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कार्यवाई में थाना प्रभारी निर्भयसिंह भूरिया सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *