दिनेश वर्मा झाबुआ https://jhabualive.com/wp-content/uploads/2026/10/VID-20261020-WA0012.mp4 दशहरा के पावन पर्व पर मैं देश और प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं। यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। हमारी सरकार भी जनकल्याणकारी कार्यों के माध्यम से प्रदेश के विकास और जनता के कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है। प्रत्येक त्योहार का अपना विशेष संदेश होता है। विजयादशमी हमें अधर्म पर धर्म, असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश देती है। लोकतंत्र में जनता के अधिकार सर्वोपरि हैं, लेकिन इन अधिकारों की रक्षा तभी सुनिश्चित हो सकती है, जब हमारा राष्ट्र सामर्थ्यवान और सुरक्षित हो। देश के सशस्त्र बलों और सेना ने अपने अदम्य साहस, त्याग और बलिदान से राष्ट्र का मान-सम्मान बढ़ाया है तथा विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र को मजबूती प्रदान की है। आज हम भगवान श्रीराम के उस महान संघर्ष का स्मरण कर रहे हैं, जिसमें उन्होंने रावण का वध कर धर्म की स्थापना की और रामराज्य की शुरुआत की। भगवान श्रीराम के जीवन के विभिन्न आदर्शों को आत्मसात करते हुए हमें अपने जीवन में सेवा, त्याग, मर्यादा और कर्तव्यनिष्ठा को अपनाना चाहिए। हमारा संकल्प होना चाहिए कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सुख, समृद्धि और विकास का लाभ पहुंचे। प्रत्येक व्यक्ति के जीवन से कष्ट दूर हों और सभी के जीवन में सुख, संपन्नता एवं वैभव का संचार हो। हमारी सरकार ने सभी त्योहारों को सामूहिक सहभागिता और उत्साह के साथ मनाने का निर्णय लिया है। इसी परंपरा के अंतर्गत आज विभिन्न जिलों में शस्त्र पूजन के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें माननीय मंत्रीगण एवं अन्य जनप्रतिनिधि सहभागिता करेंगे। यह हमारी सांस्कृतिक परंपराओं, राष्ट्रीय गौरव और शौर्य के प्रति सम्मान व्यक्त करने का महत्वपूर्ण अवसर है। आज ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का स्थापना दिवस भी है। इस अवसर पर मैं सभी स्वयंसेवकों, प्रदेशवासियों और देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं। मेरी कामना है कि विजयादशमी का यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और नई ऊर्जा लेकर आए। *डॉ. मोहन यादव, मुख्यमंत्री* Post navigation मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्वालियर में हुई दुर्घटना पर गहन दुःख व्यक्त किया