शान ठाकुर, पेटलावद 

अयोध्या में प्रभु श्री राम के भव्य मंदिर निर्माण के पश्चात इस वर्ष राम नवमी राम जन्मोत्सव 26 मार्च गुरुवार को अभूतपूर्व और ऐतिहासिक बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक राम मंदिर राजापुरा में आयोजित की गई। बैठक में जन्मोत्सव को भव्यता प्रदान करने हेतु विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई और आयोजन को सुव्यवस्थित करने के लिए विभिन्न टोलियों का गठन कर उन्हें विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

बैठक में निर्णय लिया गया कि राम नवमी के पावन अवसर पर नगर में एक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस शोभायात्रा के माध्यम से जन-जन तक श्री राम के आदर्शों को पहुँचाने का संकल्प लिया गया है।

समाजजनों द्वारा होगा यात्रा का स्वागत-

यात्रा में श्री राम दरबार की झांकी, प्रसिद्ध अखाड़े, ढोल ताशे, समाजजनों द्वारा विभिन्न स्थानों पर स्वागत आरती इसके अलावा मुख्य आयोजन से एक दिन पूर्व, जनमानस को निमंत्रण देने और उत्सव का वातावरण निर्मित करने के उद्देश्य से एक विशाल बाइक रैली निकाली जाएगी।

प्रचार स्टिकर का विमोचन

शोभायात्रा में अधिक से अधिक श्रद्धालुओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में आज बैठक के दौरान प्रचार स्टिकर का विमोचन किया गया। इन स्टिकर्स को वाहनों और प्रमुख स्थानों पर लगाकर आम जनता को इस उत्सव का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।

आजीवन सदस्यता अभियान और विशेष भेंट-

संगठन द्वारा आजीवन सदस्य बनाने का अभियान भी तीव्रता से चलाया जा रहा है। इस अभियान की सबसे खास बात यह है कि जितने भी नए सदस्य जुड़ रहे हैं, उन्हें अयोध्या में विराजित रामलला की नूतन प्रतिमा की सुंदर प्रतिकृति तस्वीर के रूप में भेंट स्वरूप दी जा रही है।

समिति के सदस्यों ने बताया कि हमारा उद्देश्य केवल उत्सव मनाना नहीं, बल्कि हर घर को अयोध्या की दिव्यता से जोड़ना है। रामलला की प्रतिकृति भेंट करना इसी दिशा में एक पवित्र कदम है। समिति ने क्षेत्र के सभी राम भक्तों से अपील की है कि वे इस भव्य आयोजन में सपरिवार सम्मिलित हों और सदस्यता अभियान से जुड़कर इस ऐतिहासिक उत्सव के सहभागी बनें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *