हरीश राठौड़, पेटलावद
नगर के थांदला रोड पर स्थित मारूती सुजुकी शो रूम पर सोमवार रात 9.30 बजे के लगभग किसी ने गोली चलाई। इसकी जानकारी मंगलवार सुबह लगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार थांदला रोड पर स्थित शो रूम के एक बडे कांच और लोहे की शटर में मंगलवार सुबह एक छेद देखा गया जिसे देखकर वहां पहुंचा नौकर आश्चर्य में पड़ गया। आखिर ये कैसे हुआ। उसके बाद उसने मैनेजर व अन्य कर्मचारियों को बुलाया और उन्होंने पूरी स्थिति को देखा। इसके साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी देखे गए। वहीं पुलिस को भी सूचना दी गई। सूचना मिलने के लगभग 3 घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। सीसीटीवी फुटेज में कोई व्यक्ति नहीं दिखा केवल शटर के आर-पार छेद होते हुए दिखा। रात्रि 9.30 बजे का समय बताया गया। इसके साथ ही अंदर कमरे में भी कई स्थानों पर छर्रे से दीवार पर भी छेद के निशान हो रहे है। बताया जा रहा है कि स्टेट हाईवे रोड के दूसरी ओर से गोली चलाई गई। वहीं शो रूम में पास में भंडारी पेट्रोल पंप भी है। वहीं सामने एक मकान भी बना हुआ है किंतु गोली की आवाज को लेकर किसी को कुछ पता नहीं चला। कुछ लोगों का कहना है कि अक्सर स्टेट हाईवे पर टायर फटने से भी जोरदार आवाज होती है। यदि आवाज आई भी होगी तो किसी ने उसे टायर फटने की आवाज मान लिया होगा। बड़ा प्रश्न यह है कि स्टेट हाईवे पर इस दरमियान कोई निकल रहा होता तो उसको गोली लगती तो क्या होता है या इस दरमियान किसी के ऊपर गोली चलाई गई थी। इन सभी प्रश्नों के जवाब पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस अभी इस मामले में कुछ स्पष्ट नहीं बता रही है। उनके अनुसार यह जांच का विषय है। इस संबंध में टीआई नरेंद्र वाजपेयी का कहना है कि हमें आवेदन प्राप्त हुआ है। मौके पर भी देखा गया है मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *