कुंवर हर्षवर्धनसिंह परिहार, राणापुर

राणापुर नगर स्थित कष्टभंजन एसार पेट्रोल पंप पर नकली नोट चलाने का एक गंभीर मामला सामने आया है। घटना दिनांक 20 जनवरी 2026 की बताई जा रही है। पेट्रोल पंप संचालक द्वारा नकली नोटों के साथ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।

पेट्रोल पंप संचालक ने बताया कि रोज़ की तरह दिनभर के कलेक्शन की गिनती के दौरान ₹100-₹100 के पाँच नोट संदिग्ध पाए गए। जांच करने पर उन नोटों में से दो नोटों के सीरियल नंबर समान पाए गए, जिससे सभी नोटों के नकली होने की पुष्टि हुई। जब इस संबंध में पंप पर कार्यरत कर्मचारी अमर सिंह वास्कले से पूछताछ की गई, तो उसने बताया कि पेट्रोल पंप पर पूर्व में कार्य कर चुका नंदकिशोर पिता शंकर नायक, निवासी ग्राम छायन सेमलखेड़ी शाम करीब 8:30 बजे पेट्रोल पंप पर आया था और ₹100-₹100 के पाँच नोट देकर ₹500 का एक नोट लेकर गया था।

इसके बाद पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, जिसमें उक्त व्यक्ति कर्मचारी को पैसे देते हुए साफ दिखाई दे रहा है। फोन पर संपर्क करने पर नंदकिशोर नायक ने स्वयं नकली नोट चलाने की बात स्वीकार की तथा बाद में आकर पूरी जानकारी देने की बात कही, लेकिन समाचार लिखे जाने तक वह उपस्थित नहीं हुआ।

पेट्रोल पंप संचालक ने ₹100-₹100 के पाँच नकली नोट, जिनके सीरियल नंबर 6TT621004 (दो नोट), 6TT621358, 6TT621008, 6TT621347 हैं, को लेकर थाना बाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।

राणापुर थाना प्रभारी दिनेश रावत ने बताया कि हमने नामजद केस दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना भेरूसिंह सोलंकी करेंगे। जांच के बाद कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *