थांदला से रितेश गुप्ता की रिपोर्ट-
 विभिन्न आयोजनों के साथ चैत्र नवरात्रि का शुभारंभ एवं गुडी पड़वा पर्व मनाया गया। नगर मेें प्रात: से देर संध्या तक विभिन्न धार्मिक आयोजन इस अवसर पर किए। सर्व प्रथम प्रात: युवा रामायण मंडल द्वारा प्रतिवर्षानुसार विगत 18 वर्षों से चैत्र नवरात्रि महोत्सव में निकाली जा रही प्रात: कालीन संगीतमय संकीर्तन प्रभातफेरी का शुभारंभ इस 19 वें वर्ष में भी 18 मार्च को प्रात: 5.30 बजे स्थानीय बड़े रामजी मंदिर थांदला से हुआ जो अनवरत श्री रामनवमी 25 मार्च तक जारी रहेगा । उक्त जानकारी देते हुए रामायण मंडल के कमलेश नागर ने बताया कि प्रभातफेरी नगर के पट्टाभिराम मंदिर, आजाद मार्ग, सुभाष मार्ग, शांति आश्रम, बांके बिहारी मंदिर, सरदार पटेल मार्ग, कुम्हार मोहल्ला, नयापुरा, गणेश मंदिर होती हुई मठ वालाकुआं स्थित अम्बे माता मंदिर पहुंची जहां माताजी की आरती की गई। पश्चात गवली मोहल्ला, बोहरा मोहल्ला होती हुई पुन: श्री रामजी मंदिर पहुंची जहां रामायण मंडल की ओर से ओम प्रकाश भट्ट व प.किशोर आचार्य ,पतंजलि योग समिति के नीरज भट्ट, श्रीराम शरणम् समिति की ओर से जगमोहनसिंह राठौड़, डॉ. महेंद्र उपाध्याय, महर्षि दयानंद आश्रम की ओर से विश्वास सोनी, तेजाजी मंदिर के लक्ष्मण राठौड़, गुरुद्वारा न्यास की ओर से श्रीमंत अरोड़ा, नृसिंह मंदिर की ओर से अशोक अरोड़ा, रामायण मेला समिति की ओर से नारायण भट्ट, साहित्य जगत की ओर से आशीष नागर, द्वारा उपस्थित जन समुदाय को तथा नगर, जिला, प्रदेश, देशवासियों को गुड़ी पड़वा, चैत्र नवरात्रि महोत्सव, हिन्दू नव वर्ष, विक्रम संवत 2075 की हार्दिक शुभकामनाएं दी एवं स्वास्थ्य लाभ की कामना की। संचालन अक्षय भट्ट द्वारा किया गया। अंत में युवा रामायण मंडल के अध्यक्ष धवल अरोड़ा ने सभी उपस्थित जन समुदाय का आभार व्यक्त किया। प्रभातफेरी में नगर के सभी समुदाय के प्रबुद्धजन, माताएं एवं बहने शामिल रही। पश्चात भगवान की आरती हुई। प्रसाद के रूप में नीम का शरबत वितरित किया गया। यह क्रम श्री रामनवमी तक जारी रहेगा। युवा रामायण मंडल ने सभी नगरवासियों से प्रतिदिन प्रभातफेरी में शामिल होकर धर्मलाभ एवं स्वास्थ्य लाभ लेने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *