आलीराजपुर। चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर बोरखड़ पटेल परिवार के प्रमुख, आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल, विधायक एवं नपा अध्यक्ष सेना पटेल के नेतृत्व में 25 मार्च बुधवार को माँ मनकामनेश्वरी माता की भव्य चुनरी एवं कलश यात्रा का आयोजन किया जाएगा। प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी यह धार्मिक आयोजन पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न होगा। उक्त यात्रा बुधवार दोपहर 03 बजे बस स्टेण्ड स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों बस स्टैंड, एमजी रोड, नीम चौक और रामदेव मंदिर होते हुए बोरखड़ स्थित माँ मनकामनेश्वरी मंदिर पहुंचेगी। इस दौरान 500 मीटर से अधिक लंबी चुनरी माता रानी को अर्पित की जाएगी, जो श्रद्धा का प्रमुख आकर्षण रहती है। यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे, जिसमें विशेष रूप से महिलाएं सिर पर कलश रखकर पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होंगी। पूरा नगर भक्तिमय माहौल में डूब जाएगा और जयकारों से गूंज उठेगा। भक्तों की मान्यता है कि माँ को अर्पित इस विशाल चुनरी का स्पर्श करने मात्र से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। यही कारण है कि हर वर्ष इस यात्रा में जनसैलाब उमड़ता है और श्रद्धालु बड़ी आस्था के साथ इसमें भाग लेते हैं। यह आयोजन क्षेत्र की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक बन चुका है। बोरखड़ पटेल परिवार ने नगर की धर्मप्रेमी जनता, पुरुष, महिला और युवाजनो से इस धार्मिक कार्यक्रम मे अधिक से अधिक पधारने की अपील की है । Post navigation आलीराजपुर के मास्टर ट्रेनर्स ने नेशनल सेमिनार में दर्ज कराई उपस्थिति आलीराजपुर में उमड़ा आस्था का सागर: 1100 कलशों के साथ भव्य चुनरी यात्रा, 551 मीटर चुनरी मनकामेश्वरी माता को समर्पित