लोहित झामर, मेघनगर मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध फुटतालाब नवरात्रि महोत्सव में इस बार गरबा केवल आस्था और भक्ति का माध्यम ही नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता का भी सशक्त मंच बन रहा है। समाजसेवी सुरेश चंद्र पूरणमल जैन और राजेश रिंकू जैन के निर्देशन में प्रतिदिन विभिन्न गरबा दल अनूठे प्रयोगों के माध्यम से समाज को महत्वपूर्ण संदेश दे रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को बेडवाली के रानू ग्रुप की 300 ग्रामीण बेटियों ने मोटे अनाज यानी श्री अन्न को अपने दैनिक आहार में शामिल करने का संदेश देकर हजारों युवाओं को जागरूक किया। देश के प्रसिद्ध तीर्थस्थल श्री वनेश्वर मारुति नंदन हनुमान मंदिर परिसर में शुक्रवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पूरा प्रांगण खचाखच भरा नजर आया। पारंपरिक वेशभूषा में गरबा करती 1000 से अधिक बेटियां आस्था के असंख्य दीपकों की तरह दिखाई दे रही थीं। इसी बीच रानू ग्रुप की ग्रामीण बेटियों ने हाथों में ज्वार-बाजरे की टोकरियां और जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर गरबा किया। इस अनूठी प्रस्तुति के माध्यम से उन्होंने मोटे अनाज के महत्व को समझाते हुए भारत को कुपोषण मुक्त बनाने का आह्वान किया। लुप्त होते मोटे अनाज को बचाने की पहल बेटियों ने बताया कि WHH के सहयोग से डेवलपमेंट सपोर्ट सेंटर (DSC) द्वारा मिरेकल मिलेट परियोजना के अंतर्गत लुप्त होते जा रहे मोटे अनाज को संरक्षित करने और लोगों को इसके प्रति जागरूक करने का अभियान चलाया जा रहा है। इसी उद्देश्य से गरबा के माध्यम से ग्रामीण अंचलों में पोषण और स्वास्थ्य का संदेश पहुंचाया जा रहा है। बेटियों ने आलीराजपुर, पेटलावद और झाबुआ क्षेत्र के युवाओं से अपील की कि वे सप्ताह में कम से कम एक बार ज्वार-बाजरे की रोटी और इनसे बने अन्य व्यंजनों को अपने भोजन में शामिल करें। उन्होंने बताया कि मोटे अनाज का उपयोग बढ़ाना बेहतर पोषण के साथ किसानों की खुशहाली की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम हो सकता है। गरबा के माध्यम से दिया गया यह संदेश युवाओं के बीच आकर्षण का केंद्र रहा। अतिथियों ने की मां की आराधना शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में एसडीएम मंडलोई, वरिष्ठ समाजसेवी बृजेन्द्र चुन्नू शर्मा के सुपुत्र युवा समाजसेवी शोभित शर्मा तथा राजबाड़ा मित्र मंडल के सदस्यों की विशेष उपस्थिति रही। जैकी जैन और हार्दिक कोठारी ने युवा समाजसेवी शोभित शर्मा का स्वागत किया। वहीं सुरेश चंद्र पूरणमल जैन और राजेश रिंकू जैन ने एसडीएम मंडलोई एवं राजबाड़ा मित्र मंडल के सदस्यों का स्वागत किया। एसडीएम मंडलोई ने अपने परिवार के साथ मां की महाआरती की और मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया। सीमा सुरेश जैन सहित उनके परिवार के सदस्यों ने भी गरबा कर मां की आराधना की। धार्मिक वातावरण के बीच सामाजिक जागरूकता की इस पहल ने आयोजन को विशेष पहचान दी। प्रतिदिन बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या फुटतालाब नवरात्रि महोत्सव में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है। आयोजन समिति के सदस्यों, विशेषकर जैकी जैन ने युवाओं और धर्मप्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में आयोजन में शामिल होने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन उमड़ रही भारी भीड़ के कारण व्यवस्थाएं करना चुनौतीपूर्ण हो रहा है, लेकिन समिति का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी गरबा महोत्सव का आनंद ले सकें। फुटतालाब का यह आयोजन अब भक्ति, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों के अनूठे संगम के रूप में सामने आ रहा है, जहां गरबा की लय के साथ पोषण, स्वास्थ्य, पर्यावरण और किसानों की खुशहाली जैसे विषयों पर भी जागरूकता फैलाई जा रही है। Post navigation फुटतालाब में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए बढ़ाया गया गरबा पंडाल, सड़कों पर लगी वाहनों की लंबी कतारें