आलीराजपुर। पुलिस मुख्यालय भोपाल के द्वारा जारी पदौन्नति आदेश के तहत जिला आलीराजपुर के 16 सहायक उप निरीक्षकों को उप निरीक्षक पद पर पदौन्नति प्रदान की गई है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक आलीराजपुर श्री रघुवंश सिंह द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया कि विभागीय सेवा अभिलेखों, गोपनीय चरित्रावली, वरिष्ठता एवं पदोन्नति हेतु निर्धारित मापदण्डों के परीक्षण उपरांत पात्र पाए गए 16 शासकीय सेवकों को पुलिस मुख्यालय भोपाल के द्वारा उप निरीक्षक पद पर पदौन्नति दि गई है। पदोन्नति प्राप्त करने वाले 16 सहायक उप निरीक्षक (ASI) अब उप निरीक्षक कहलायेंगे, जिनमें कन्हैयालाल साजोतिया थाना आलीराजपुर, जानुसिंह गरवाल थाना बोरी, धर्मेन्द्र सोमवंशी थाना यातायात, नगीनलाल नायक थाना जोबट, मांगीलाल वास्केल थाना सोण्डवा, माधुसिंह हाडा थाना कटिठवाडा, रामवचन पाण्डे थाना सोण्डवा, शंकरलाल रावत थाना उदयगढ, उदयसिंह भिण्डे रक्षित केन्द्र, दिनेश अवास्या थाना नानपुर, नानुराम पटेल थाना बखतगढ, भूरेसिंह अलावा रक्षित केन्द्र, भेरूसिंह बघेल रक्षित केन्द्र, मुन्नालाल कटारे थाना आलीराजपुर, रणजीतसिंह सोलंकी थाना आलीराजपुर एवं सुकायला सोलंकी थाना सोण्डवा। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह द्वारा पदोन्नत हुए 16 सहायक उप निरीक्षकों को उप निरीक्षक पद के स्टार लगाकर सम्मानित किया गया तथा पदौन्नति हुये अधिकारियों को दायित्वों के निर्वहन हेतु शुभकामनाएं प्रदान की गईं। सभी पदोन्नत अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पदोन्नति केवल पद में वृद्धि नहीं, बल्कि कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों में भी वृद्धि का प्रतीक है। उन्होंने अपेक्षा व्यक्त की कि सभी पदोन्नत अधिकारी अपने नवीन दायित्वों का पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण भाव से निर्वहन करते हुए पुलिस विभाग की गरिमा को और अधिक ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। उन्होंने सभी कर्मचारियों को भविष्य में भी बेहतर कार्य करने, विभागीय उपलब्धियां अर्जित करने तथा आगामी पदोन्नतियों के लिए निरंतर प्रयासरत रहने हेतु प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्योति उमठ बघेल, रक्षित निरीक्षक इनोद रंधावा सहित जिला पुलिस कार्यालय एवं रक्षित केन्द्र के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पदोन्नत हुए पुलिसकर्मियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। Post navigation जिला सहकारी बैंक में 24 लाख रुपये से अधिक का गबन, शाखा प्रबंधक निलंबित जनजातीय अंचल किसी तीर्थ से कम नहीं, चंद्रशेखर आजाद की जन्मभूमि पर मुख्यमंत्री ने किया नमन