झाबुआ। पुलिस लाइन झाबुआ में पदस्थ डीएसपी नानूराम वर्मा का बुधवार सुबह अचानक निधन हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उन्हें सुबह अचानक चक्कर आने पर तत्काल एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय झाबुआ रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रथम दृष्टया उनकी मृत्यु का कारण हृदयघात (हार्ट अटैक) माना जा रहा है। हालांकि, मृत्यु के वास्तविक कारण की पुष्टि चिकित्सकीय प्रक्रिया एवं आवश्यक औपचारिकताओं के बाद ही हो सकेगी। जानकारी के अनुसार, डीएसपी नानूराम वर्मा मंगलवार को दिनभर किसान आंदोलन के दौरान कानून-व्यवस्था की ड्यूटी में तैनात रहे थे। वे पूर्व में अजाक थाने झाबुआ में थाना प्रभारी (टीआई) के रूप में पदस्थ रह चुके थे। पदोन्नति के बाद वे पुलिस लाइन झाबुआ में डीएसपी के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक झाबुआ, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी जिला चिकित्सालय पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली। पुलिस ने उनके परिजनों को भी सूचना दे दी है। डीएसपी नानूराम वर्मा के आकस्मिक निधन से पुलिस विभाग में शोक की लहर है। उनके सहयोगी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। Post navigation राष्ट्रीय शिक्षा नीति अहम, सीएम डॉ. मोहन बोले- इसके जरिये नैतिक मूल्यों से जुड़ रहे युवा बेटियों की खास कैबिनेट से मिलकर गदगद हुए डॉ. मोहन यादव, बताया कितना और कैसे इस्तेमाल करें AI