भूपेंद्र चौहान, चंद्रशेखर आजाद नगर चंद्रशेखर आजाद नगर क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन का काम खुलेआम जोरों पर चल रहा है। सुबह 5:00 बजे से लेकर पूरे दिन तक लगातार ट्रैक्टरों की आवाजाही बनी रहती है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि इन ट्रैक्टरों के ड्राइवरों में अधिकांश नाबालिग हैं, जो नियमों का खुला उल्लंघन कर रहे हैं। तेज रफ्तार से ये ट्रैक्टर सड़कों पर दौड़ते हैं, जिनमें नाबालिग बच्चे वाहन चला रहे होते हैं। आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन हर बार केवल आपसी समझौता कर मामला दबा दिया जाता है। पुलिस भी मूकदर्शक बनकर देखती रहती है और कोई ठोस कार्रवाई नहीं करती। प्रशासन इस पूरे मामले में पूरी तरह से मौन बना हुआ है। कार्रवाई के नाम पर केवल औपचारिकता निभाई जाती है। वन विभाग की रेत हो या अन्य स्रोतों से आ रही रेत—हर जगह मिलीभगत की आशंका जताई जा रही है। जिम्मेदार विभाग अपना हिस्सा लेकर चुप बैठे हैं, ऐसा आरोप भी सामने आ रहा है। खनिज विभाग भी इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। केवल ओवरलोडिंग के नाम पर कभी-कभार एक-दो डंपरों पर कार्रवाई कर दी जाती है, जबकि ट्रैक्टरों को पूरी तरह से खुली छूट दी गई है। ऐसा प्रतीत होता है मानो इन अवैध वाहनों को अनौपचारिक “लाइसेंस” मिल गया हो। नवीन एसडीएम पाटीदार मैडम से चर्चा करने पर उनका कहना है कि इस विषय में बाल श्रम विभाग को अवगत कराया जाएगा और उचित कार्रवाई की जाएगी। इस पूरे मामले में प्रशासन की निष्क्रियता और जनप्रतिनिधियों की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। आखिर कब तक अवैध परिवहन और नाबालिगों से काम लेने का यह खेल चलता रहेगा? अब देखना यह है कि प्रशासन इस पर कब तक ठोस कार्रवाई करता है। Post navigation चंद्रशेखर आजाद नगर में TET परीक्षा व अध्यापकों की वरिष्ठता को लेकर विरोध TET परीक्षा के विरोध में चंद्रशेखर आजाद विकासखंड के शिक्षक-शिक्षिकाएं लामबंद हुवे