झाबुआ डेस्क। राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम (RKSK) के अंतर्गत मध्यप्रदेश वॉलंटरी हेल्थ इंश्योरेंस इंदौर द्वारा एक विशेष आउटरीच भ्रमण का आयोजन किया गया। इस दौरान खरदू बड़ी के तराघाटी और आंगनवाड़ी केंद्र रजला में किशोरियों को माहवारी स्वच्छता प्रबंधन को लेकर जागरूक किया गया। मास्टर ट्रेनर राजेंद्र डामोर ने किशोरियों को माहवारी चक्र की वैज्ञानिक प्रक्रिया समझाते हुए स्वच्छता के महत्व और सैनिटरी पैड के सुरक्षित निपटान के तरीकों के बारे में बताया। इस दौरान समाज में माहवारी से जुड़ी रूढ़िवादी भ्रांतियों को दूर करने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही किशोरियों में एनीमिया (खून की कमी) की रोकथाम के लिए संतुलित पोषण आहार और आयरन की गोलियों के नियमित सेवन की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में तंबाकू निषेध अभियान के तहत व्यसनों से दूर रहने का संकल्प भी दिलाया गया। उमंग परामर्शदाता राकेश भूरिया ने कहा कि ”किशोरावस्था में शारीरिक और मानसिक बदलावों को लेकर सही मार्गदर्शन बेहद जरूरी है। उमंग क्लीनिक के माध्यम से हम किशोर-किशोरियों को गोपनीय और विशेषज्ञ परामर्श सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। डिजिटल युग में अब ‘मन हित’ मोबाइल ऐप, ‘जस्ट आस्क’ चैटबोट, जिला मन कक्ष, ‘सुमन सखी’ चैटबोट के साथ-साथ उमंग हेल्पलाइन नंबर (14425, 14416, 1800112356) भी उपलब्ध हैं, ताकि बच्चे बिना किसी झिझक के अपनी समस्याओं का समाधान पा सकें। कार्यक्रम में एएनएम शायदा चौहान, आशा कार्यकर्ता बदली परमार, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता प्रियंका सोलंकी आदी ने किशोरियों का मार्गदर्शन किया। Post navigation विकसित भारत संकल्प सम्मेलन एवं गौरव सम्मान समारोह संपन्न सरकारी दर्जे और लंबित मानदेय की मांग: झाबुआ और आलीराजपुर में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने खोला मोर्चा