भोपाल। हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है। शुरूआती रूझानों में ही भारतीय जनता पार्टी का कमल खिलता दिखाई दे रहा है। 90 सीटों में से भारतीय जनता पार्टी 50 से अधिक सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव हरियाणा में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में चुनाव प्रचार करने पहुंचे थे। उऩ्होंने 5 विधानसभा सीटों पर चुनावी रैलियों को संबोधित किया था।
डॉ.मोहन यादव ने किया जिन सीटों पर प्रचार, सभी में जीत
हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी की ओर से मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को भी पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी दी गई थी। स्टार प्रचारक के रूप में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 5 विधानसभा सीटों पर चुनावी जनसभाओं को संबोधित कर भारतीय जनता पार्टी को जिताने की अपील की थी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हरियाणा की भिवानी, दादरी, तोशाम और बवानी खेड़ा विधानसभाओं में रैलियों को संबोधित किया था। हरियाणा चुनावों के आये परिणाम अनुसार उन सभी विधानसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी का कमल खिल रहा है।
