23 सूत्री मांगों को लेकर लिपिक संघ उतरा हडताल पर, उग्र आंदोलन की दी चेतावनी

May

ALIRAJPUR LIVE के लिए पियुष चन्देल की रिपोर्ट-
म.प्र. मंत्रालयीन कर्मचारी संघ / म.प्र. लिपिक वर्ग कर्मचारी संघ / म.प्र. तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ/ म.प्र. नगर पालिका एवं संचालनालय स्थानीय संस्थाऐ कर्मचारी महासंघ/म.प्र. राजस्व शासकीय कर्मचारी संघ तथा म.प्र. लघुवेतन कर्मचारी संघ के संयुक्त आव्हान पर जिला अलीराजपुर के लिपिक/ कर्मचारी अपनी 23 सूत्री मांगो को लेकर 2 दिवसीय सामुहिक हडताल पर उतर गये है। आलीराजपुर जिला लिपिक संघ के निर्देश पर जिले की समस्त तहसील सोंडवा, जोबट ,चन्द्रशेखर आजाद नगर व कट्ठीवाड़ा में दिनांक 12 व 13 अप्रैल  को सामूहिक आकस्मिक अवकाश के आवेदन फार्म भर कर अपनी मांगो के समर्थन में सभी लिपिक/ कर्मचारी इस हडताल मे सम्मिलित हुवे। जिला मुख्यालय के समस्त लिपिक/कर्मचारीयों ने 12 अप्रैल को प्रातः 10:30 बजे कलेक्टर कार्यालय के समक्ष उपस्थित होकर हडताल के समर्थन मे अपनी सहभागीता की और शांतिपूर्ण ढंग से अपने आंदोलन की शुरुआत की। जिला लिपिक संघ के संरक्षक अनिल दसौंधी, जिलाध्यक्ष दिलीप पंवार एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी जिलाध्यक्ष अमरसिंह रावत के मार्गदर्शन में धरना आंदोलन प्रारंभ किया गया। लिपिकों की इस हडताल से जिले के सभी शासकीय विभागों मे सन्नाटा छाया रहा और कार्यालयों मे कामकाज बंद होने से आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पडा।
गौरतलब है, कि 5 अप्रैल को आलीराजपुर कलेक्टर ने एक आदेश जारी किया था, जिसके अनुसार समस्त शासकीय विभागों के कर्मचारियों के 14 अप्रैल तक अवकाश लेने एवं मुख्यालय छोडने पर रोक लगाई गई है, लेकिन लिपिक संघ द्वारा उस आदेश को अनदेखा करके 2 दिवसीय सामुहिक अवकाश लिया गया। आलीराजपुर लिपिक संघ के जिलाध्यक्ष दिलीप पंवार ने बताया कि यदि हमारी मांगे नहीं मानी गई तो अनिश्चित कालीन हडताल करके उग्र आंदोलन किया जायेगा।