वित्त मंत्री के आश्वासन के बाद 11 दिनों से हड़ताल कर रहे लिपिक कर्मी वापस काम पर लौटे 

- Advertisement -

पियुष चन्देल अलीराजपुर

मध्य प्रदेश लिपिक संघ के आव्हान पर विगत 23 जुलाई से अपनी वेतन विसंगति दूर करने और 23 सूत्रीय मांगों को पूरा करने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल कर रहे जिला लिपिक संघ के कर्मचारी वित्त मंत्री द्वारा दिए गए भरोसे के बाद अपनी हड़ताल स्थगित कर शुक्रवार की सुबह वापस अपने अपने काम पर लौट आए हैं। उल्लेखनीय है, कि जिला लिपिक संघ द्वारा पिछले 11 दिनों से अलीराजपुर जिला मुख्यालय सहित जिले के जोबट, आजादनगर और सोंडवा ब्लाक में अपने वेतन विसंगति दूर करने संबंधी मांगों को लेकर हड़ताल, धरना, और हल्ला बोल प्रदर्शन किया जा रहा था। इस कार्यक्रम में सरकार का ध्यान अपनी ओर खींचने के लिए लिपिक संघ ने प्रतिदिन विभिन्न आयोजन भी किए। हड़ताल की वजह से जिले के करीब 6000 कर्मचारियों का माह अगस्त का वेतन अटक गया है, और भी अन्य विभागीय और कार्यालय की परेशानियां अधिकारियों के समक्ष खड़ी हो गई थी। हड़ताल की वजह से जिले सहित पूरे प्रदेश में जो परेशानी ओर हाहाकार मचा था, उसको देखते हुए प्रदेश शासन के वित्त मंत्री जयंत मलैया ने गुरुवार को मध्यप्रदेश लिपिक संघ के पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों को बुलाकर चर्चा की। इस चर्चा में वित्त मंत्री ने लिपिक संघ को बताया कि कैबिनेट की दो बैठक होने तक हड़ताल स्थगित कर दीजिए। इन बैठकों में लिपिक संघ की मांगो को रखा जाएगा। वित्त मंत्री के इस आश्वासन के बाद लिपिक संघ के पदाधिकारियों ने पिछले 11 दिनों से चली आ रही हड़ताल को आपसी विचार विमर्श कर  फिलहाल के लिए स्थगित कर दिया है। पदाधिकारियों ने यह निर्णय लिया कि कैबिनेट बैठक के बाद यदि लिपिक संघ की मांगों पर विचार नहीं किया गया तो आगामी दिनों में आचार संहिता से पूर्व प्रदेश स्तर पर लिपिक संघ के पदाधिकारी अनशन, क्रमिक भूख हड़ताल, आमरण अनशन आदि जैसे अन्य धरना आंदोलन फिर से प्रारंभ करेंगे। इस निर्णय के बाद जिले के सभी लिपिक कर्मचारियों की शुक्रवार की सुबह जनपद पंचायत सभागार में एक विशेष बैठक आहूत की गई। इस बैठक में जिला लिपिक संघ के पदाधिकारी सहित जिले के विभिन्न ब्लॉक के पदाधिकारी ओर लिपिककर्मी बड़ी संख्या में शामिल हुए। बैठक में लिपिक संघ के जिला अध्यक्ष दिलीप सिंह पवार ने भोपाल में वित्त मंत्री के साथ लिपिक संघ के पदाधिकारी की हुई चर्चा के संबंध में विस्तृत जानकारी दी और बैठक में लिए गए निर्णय से सभी को अवगत कराया। बैठक में  सभी लिपिक कर्मियों ने 2 कैबिनेट की बैठक होने तक हड़ताल स्थगित करने सम्बन्धी निर्णय पर अपनी सहमति व्यक्त की। बैठक में पंवार ने पिछले लंबे समय से चली आ रही हड़ताल में सक्रिय योगदान ओर सहयोग देने के लिए सभी लिपिक कर्मियों का आभार  माना साथ ही जिले में हड़ताल के दौरान प्रतिदिन विभिन्न अखबारों ओर मीडिया चेनल द्वारा शानदार कवरेज देने पर  जिला मीडिया का आभार व्यक्त किया। बैठक में उपस्थित सभी  लिपिककर्मियों ने जिला अध्यक्ष दिलीप सिंह पंवार की कार्यप्रणाली पर विश्वास व्यक्त करते हुए उनके यथावत जिला अध्यक्ष बने रहने पर मुहर लगाई। बैठक को पंवार सहित रमेश चंद्र गेहलोत, देवेंद्र तिवारी, एम आर खान, स्वरूप क्षीरसागर, लिपिक संघ सोंडवा के ब्लॉक इकाई के अध्यक्ष तेनसिंह सोलंकी, जोबट इकाई के महेश चतुर्वेदी, जयेन्द्र  सिंह तंवर आदि ने संबोधित किया। इसके बाद जिला लिपिक संघ के पदाधिकारियों ने अपर कलेक्टर वर्मा से मुलाकात कर पिछले 11 दिनों से चली आ रही अनिश्चितकालीन हड़ताल को समाप्त कर लिपिक कर्मी द्वारा काम पर लौटे जाने संबंधी आवेदन पत्र सौंपा।