माटी की गणेश प्रतिमा बनाने का दिया प्रशिक्षण, विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश

0

आलीराजपुर। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद जिला आलीराजपुर के विकासखंड आलीराजपुर, सेक्टर वडी अंतर्गत नवांकुर संस्था खुशी समग्र ग्राम विकास समिति द्वारा ग्राम इंदरसिंह की चौकी स्थित राजा शंकर शाह एवं रघुनाथ शाह शासकीय जनजाति जूनियर बालक छात्रावास में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में सेक्टर प्रभारी कविता चौहान द्वारा छात्रावास के विद्यार्थियों को माटी से गणेशजी की प्रतिमा बनाने का प्रशिक्षण दिया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक मिट्टी से गणेशजी की प्रतिमाएं बनाना सीखा और स्वयं प्रतिमा निर्माण में भाग लिया।
इस अवसर पर कविता चौहान ने विद्यार्थियों को बताया कि गणेश उत्सव के दौरान पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए प्राकृतिक मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमाओं को प्राथमिकता देना चाहिए। बाजार में उपलब्ध कुछ प्रतिमाओं में प्लास्टर ऑफ पेरिस, रंग एवं अन्य रासायनिक सामग्री का उपयोग होने से विसर्जन के दौरान जल एवं पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्राकृतिक मिट्टी से प्रतिमा निर्माण के महत्व और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को मिट्टी तैयार करने से लेकर गणेश प्रतिमा को आकार देने तक की पूरी प्रक्रिया व्यावहारिक रूप से समझाई गई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पारंपरिक कला, पर्यावरण संरक्षण और स्वावलंबन के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा।
कार्यक्रम में छात्रावास के अध्यापक सुरेंद्र चौहान, सेक्टर प्रभारी कविता चौहान, सुखराम तोमर, अभि रावत एवं गीता तोमर सहित छात्रावास के विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लेते हुए माटी के गणेश निर्माण की कला सीखी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.