जिला प्रशासन इलेवन एवं पत्रकार इलेवन के बीच मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन

- Advertisement -

आलीराजपुर ब्यूरो। कलेक्टर मनोज पुष्प के मार्गदर्शन में जिले में आनंद उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। उक्त आयोजन के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी तारतम्य में आनंद उत्सव के तहत शुक्रवार को फतेह क्लब मैदान आलीराजपुर में जिला प्रशासन इलेवन एवं पत्रकार इलेवन के बीच मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन हुआ। रोमांचक मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रशासन इलेवन ने मैच जीता। प्रशासन इलेवन का नेतृत्व कलेक्टर मनोज पुष्प ने किया। प्रशासन इलेवन की टीम में पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारीगण थे। पत्रकार इलेवन का नेतृत्व पत्रकार विक्रम सेन ने किया। पत्रकार इलेवन में प्रिन्ट एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया के पत्रकारगणनों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। पहले टॉस जीतते हुए पत्रकार इलेवन ने पहले बल्लेबाजी की और 42 रन बनाए। प्रशासन इलेवन की ओर से खेलते हुए कलेक्टर श्री पुष्प ने कई शानदार शार्ट मारे। पुलिस  अधीक्षक मनोज  सिंह ने नाबाद 20 रनों की विजयी पारी खेली। नायब तहसीलदार हर्षल वोरानी ने 20 रन बनाए। उक्त मैत्री मैच के पश्चात कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर मनोज पुष्प ने कहा ऐसे आयोजन लगातार होने चाहिए। इसके लिए हम विशेष प्रयास करेंगे। उन्होंने जिले में खेल प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए विशेष प्रयास किये जाने की बात कही। उन्होंने कहा जिला प्रशासन जिले में खेल प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। जिले की कई प्रतिभाएं प्रदेश ही नहीं देश में नाम रोशन कर रही है। उन्होंने कहा इसके लिए ओर प्रयास किये जाने के आवश्यकता है। उन्होंने कहा फतेह क्लब के ऐतिहासिक मैदान पर आने वाले दिनों में खेल गतिविधियों का आयोजन किया जाए, जिसमें जिला प्रशासन हर संभव सहयोग करेगा।