झाबुआ डेस्क जीवन ज्योति हेल्थ सर्विस TI परियोजना कार्यालय में शुक्रवार को कम्युनिटी इवेंट एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समुदाय में एचआईवी/एड्स, यौन संचारित संक्रमण (STI/RTI) तथा समग्र स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ाना और नियमित सेवाओं से जोड़ना रहा। इस अवसर पर जिला चिकित्सालय झाबुआ से नोडल अधिकारी श्री जितेंद्र बामनिया, परियोजना निर्देशक फादर पी.ए. थॉमस, डॉ. मनीषा रावत, आईसीटीसी काउंसलर वाजिद कुरैशी, डीएसआरसी काउंसलर हीरालाल मंडलोई, परियोजना संचालक गोविंद भूरिया, काउंसलर वंशिता कलम, हर्ष बारिया, भावेश सोलंकी, संजय सिंगोड, संगीता भूरिया, सोनू बारिया और संगीता जमरा विशेष रूप से उपस्थित रहे। *निसंकोच जांच ही स्वस्थ जीवन की सबसे बड़ी कुंजी है* कार्यक्रम की शुरुआत फादर पी.ए. थॉमस के स्वागत उद्बोधन से हुई। उन्होंने कहा कि समय पर सही जानकारी और निसंकोच जांच ही स्वस्थ जीवन की सबसे बड़ी कुंजी है। स्वास्थ्य सेवाएं और परामर्श केंद्र समुदाय की सुविधा के लिए उपलब्ध हैं, इसलिए किसी भी तरह की झिझक छोड़कर समय पर जांच और उपचार का लाभ लेना चाहिए। उन्होंने सभी से अपने स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने तथा दूसरों को भी जागरूक करने का आह्वान किया। जिला चिकित्सालय के नोडल अधिकारी जितेंद्र बामनिया ने एचआरजी (HRG) बहनों को बेहतर स्वास्थ्य बनाए रखने के सुझाव दिए और गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए समय-समय पर नियमित स्वास्थ्य व एचआईवी जांच कराने के लिए प्रेरित किया। *साही समय पर मार्गदर्शन जरूरी* आईसीटीसी काउंसलर वाजिद कुरैशी ने एचआईवी/एड्स के कारणों, बचाव के उपायों और आईसीटीसी केंद्र की सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने जांच से पहले और बाद की काउंसलिंग के महत्व को सरल शब्दों में समझाया। कुरैशी ने कहा कि केवल स्वास्थ्य जांच ही नहीं, बल्कि नियमित पोषण, स्वच्छता और समाज में आपसी सहयोग भी स्वस्थ व आत्मनिर्भर जीवन के लिए उतने ही जरूरी हैं। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी जरूरत पर सही मार्गदर्शन समय से मिल जाए तो कई परेशानियों को शुरुआत में ही रोका जा सकता है, इसलिए सभी को इन सेवाओं से निरंतर जुड़े रहना चाहिए और परिवार व समाज में भी सकारात्मक संदेश पहुंचाना चाहिए। डीएसआरसी काउंसलर हीरालाल मंडलोई ने STI/RTI के लक्षणों, समय पर उपचार और सरकारी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभों के बारे में बताया। डॉ. मनीषा रावत ने महिलाओं के संपूर्ण स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े अधिकारों पर मार्गदर्शन दिया। परियोजना संचालक गोविंद भूरिया ने STI से जुड़ी जानकारी साझा करने के साथ स्वास्थ्य प्रश्नोत्तरी (क्विज) आयोजित की, जिसमें महिलाओं ने उत्साह से भाग लिया। *सकारात्मक बदलाव की मजबूत कड़ी बनें* कार्यक्रम का संचालन करते हुए भावेश सोलंकी ने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता केवल किसी एक दिन के कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि नियमित संवाद, आपसी विश्वास और सही मार्गदर्शन से हर व्यक्ति अपने और अपने परिवार को स्वस्थ रख सकता है। सोलंकी ने सभी प्रतिभागियों से अपील की कि वे सरकारी योजनाओं, परामर्श सेवाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं का पूरा लाभ उठाएं तथा समाज में सकारात्मक बदलाव की मजबूत कड़ी बनें। *सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं हुई* स्वास्थ्य सत्रों के बाद वातावरण को उत्साहपूर्ण बनाने के लिए पारंपरिक आदिवासी नृत्य प्रतियोगिता, मेहंदी, रंगोली प्रतियोगिता और कुर्सी रेस आयोजित की गई। सभी प्रतिभागियो का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें उपहार वितरित किए गए। Post navigation ऑफिसर्स कॉलोनी में जिला कोषालय अधिकारी के घर चोरी, नकदी और सीसीटीवी DVR ले उड़े बदमाश