शान ठाकुर, पेटलावद क्षेत्र में अवैध मदिरा के कारोबार के साथ अब कथित केमिकल युक्त ताड़ी की बिक्री भी चिंता का विषय बनती जा रही है। ग्राम करडावद में एक दिन पूर्व हैदराबाद से आए व्यक्ति के पास से कथित जहरीली ताड़ी जब्त किए जाने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। वहीं ग्राम करवड़, मठमठ, रायपुरिया, बाछीखेड़ा और मोहनपुरा सहित क्षेत्र के कई स्थानों पर बाहरी लोगों द्वारा केमिकल युक्त ताड़ी बेचने की शिकायतें सामने आ रही हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्षेत्र में न तो ताड़ के पेड़ों की उपलब्धता है और न ही वर्तमान मौसम ताड़ी उत्पादन के अनुकूल माना जा रहा है। इसके बावजूद बड़ी मात्रा में ताड़ी की उपलब्धता और बिक्री कई सवाल खड़े कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि ताड़ी के नाम पर केमिकल मिलाकर तैयार किया गया पेय लोगों को बेचा जा रहा है। जिससे यह आमजन के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा साबित हो सकता है। ऐसे में ताड़ी के नमूनों की प्रयोगशाला जांच और इसके निर्माण व आपूर्ति के स्रोत का पता लगाना बेहद जरूरी है। बरवेट और करडावद में आबकारी विभाग की दबिश, 2900 किलो लहान जब्त इधर अवैध मदिरा के खिलाफ आबकारी विभाग पेटलावद की कार्रवाई लगातार जारी है। कलेक्टर झाबुआ डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के निर्देशों के पालन में जिला आबकारी अधिकारी रविन्द्र मानिकपुरी के निर्देशन में 5 नवंबर 2026 को ग्राम बरवेट एवं करडावद में आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने दबिश दी। कार्रवाई के दौरान आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) के तहत कुल तीन प्रकरण पंजीबद्ध किए गए। टीम ने मौके से 2900 किलोग्राम महुआ लहान, 30 लीटर हाथ भट्टी मदिरा एवं 15 लीटर ताड़ी विधिवत जब्त की। नमूने लेने के बाद लहान को मौके पर नष्ट किया गया। जब्त सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य 2 लाख 97 हजार 500 रुपये बताया गया है। क्या ताड़ी के नाम पर लोगों की जान से हो रहा खिलवाड़? करडावद में हुई कार्रवाई और अन्य गांवों से मिल रही शिकायतों के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर हैदराबाद से आए लोग क्षेत्र में कहां से ताड़ी ला रहे हैं और इसमें किन पदार्थों का इस्तेमाल किया जा रहा है? क्या इसकी नियमित जांच हो रही है? आबकारी विभाग द्वारा ताड़ी विक्रेताओं के ठिकानों पर दबिश दी जा रही है, लेकिन जरूरत इस बात की भी है कि जब्त ताड़ी के नमूनों की रासायनिक जांच कराई जाए तथा इसके कारोबार से जुड़े लोगों की पूरी जानकारी जुटाई जाए। Post navigation कक्षा 6 से 8 के शिक्षकों का पांच दिवसीय गणित एवं सामाजिक विज्ञान विषय का प्रशिक्षण संपन्न