भाजयुमो का प्रत्येक कार्यकर्ता 2027 के विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए संकल्पित है : प्रकाश परमार

0

बामनिया। भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष प्रकाश परमार ने आज भामल में युवाओं के साथ “चाय पर चर्चा” करते हुए संवाद किया। अनौपचारिक वातावरण में आयोजित इस संवाद में क्षेत्र के बड़ी संख्या में युवाओं ने सहभागिता की। इस दौरान युवाओं के विचारों, उनकी आकांक्षाओं और वर्तमान दौर की चुनौतियों पर खुलकर चर्चा हुई।

संवाद के दौरान उभरते भारत में युवा शक्ति की भूमिका, आत्मनिर्भर भारत का संकल्प, रोजगार एवं नवाचार, डिजिटल युग और Gen Z की बदलती सोच जैसे विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। युवाओं से संवाद करते हुए प्रकाश परमार ने कहा कि आज का युवा भारत की विकास यात्रा का केवल दर्शक नहीं, बल्कि उसका सक्रिय भागीदार और परिवर्तन का वाहक है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा का प्रत्येक कार्यकर्ता 2027 के विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, तकनीकी समझ और नवाचार की शक्ति को राष्ट्र निर्माण से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी सकारात्मक ऊर्जा को राष्ट्रहित में लगाते हुए आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँ।

Leave A Reply

Your email address will not be published.