अमरनाथ यात्रियों के स्वागत में सेवा और समर्पण की अनूठी मिसाल, महेश पटेल ने पुष्पमालाओं से किया सम्मान

0

जितेंद्र वर्मा जोबट 

जोबट। पवित्र बाबा अमरनाथ यात्रा पर रवाना होने वाले श्रद्धालुओं के सम्मान में टॉकीज चौराहा स्थित कार्यालय पर भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल ने हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी श्रद्धालुओं का पुष्पमालाओं से आत्मीय स्वागत किया तथा कठिन पर्वतीय यात्रा और मौसम की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए सभी यात्रियों को रेनकोट किट भेंट की।

स्वागत समारोह के दौरान पूरा वातावरण “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से भक्तिमय हो उठा। यात्रा पर रवाना होने वाले श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। महेश पटेल ने सभी यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अमरनाथ यात्रा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आस्था, विश्वास, धैर्य और सेवा का अद्भुत संगम है। उन्होंने बाबा बर्फानी से सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सफल एवं मंगलमय यात्रा की कामना करते हुए प्रदेश और देश में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की।

महेश पटेल ने कहा कि समाज और धर्म की सेवा हमारी संस्कृति की पहचान है। श्रद्धालुओं का सम्मान करना और उनकी यात्रा को सुगम बनाने के लिए अपनी ओर से हर संभव सहयोग देना हमारा कर्तव्य है। इसी सेवा भावना के साथ यह स्वागत कार्यक्रम लगातार आयोजित किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालु पूरे उत्साह और विश्वास के साथ अपनी यात्रा प्रारंभ कर सकें।

श्रद्धालुओं ने इस आत्मीय सम्मान और सहयोग के लिए महेश पटेल एवं उनकी पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यात्रा शुरू होने से पहले मिला यह सम्मान और उपयोगी रेनकोट किट निश्चित रूप से उनके लिए सहायक सिद्ध होगी और यह अपनापन हमेशा याद रहेगा।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। सेवा, सम्मान और धार्मिक आस्था से जुड़े इस आयोजन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि समाज के प्रति समर्पण और धार्मिक परंपराओं के सम्मान की भावना ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.