आगे-पीछे बाइक, बीच में खेर लकड़ी से भरी बोलेरो : वन विभाग ने पकड़ा पूरा नेटवर्क

0

शान ठाकुर, पेटलावद 

वन विभाग ने अवैध खेर लकड़ी परिवहन के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए खेर लकड़ियों से भरी बोलेरो पिकअप सहित तीन वाहनों को जब्त किया है। लगातार चल रही कार्रवाई के तहत वन अमले ने आरोपियों को पकड़कर पूछताछ के लिए वन परिक्षेत्र कार्यालय पेटलावद लाया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार भारतीय वन अधिनियम 1927 एवं मध्यप्रदेश अभिवहन (वनोपज) नियम 2022 के तहत महिंद्रा बोलेरो पिकअप क्रमांक MP43-ZJ-5397 को अवैध खेर लकड़ी परिवहन करते हुए पकड़ा गया। वाहन से खेर लकड़ियां बरामद की गईं। कार्रवाई के दौरान तस्करों के साथ चल रही दो मोटरसाइकिलों को भी जब्त किया गया, जिनमें एक हीरो एचएफ डीलक्स तथा दूसरी होंडा कंपनी की मोटरसाइकिल शामिल है। वन विभाग ने जब्त वाहनों को नियमानुसार कब्जे में लेकर सुरक्षित रखा है। मामले में बोलेरो चालक पप्पु पिता तेरु मुणिया निवासी ग्राम रनाली, थाना थांदला, जिला झाबुआ तथा मोटरसाइकिल चालक कालूसिंह पिता हरचंद डिंडोर निवासी ग्राम संगेसरा, तहसील बाजना, जिला रतलाम को पूछताछ के लिए वन विभाग कार्यालय लाया गया।

गौरतलब है कि इससे पहले भी वन विभाग द्वारा खेर लकड़ी के अवैध परिवहन के खिलाफ कई प्रभावी कार्रवाइयां की जा चुकी हैं। वन संपदा की तस्करी रोकने के लिए विभाग लगातार सक्रिय है और अवैध कटाई एवं परिवहन करने वालों पर सख्त नजर रखी जा रही है। वन विभाग के अधिकारियों का

कहना है कि वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा और दोषियों पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उक्त कार्यवाई वन विभाग के रेंजर ओमप्रकाश बिरला के नेतृत्व में स्थानीय वन विभाग की टीम के द्वारा की गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.