पेटलावद की माधव कॉलोनी में मूलभूत सुविधाओं का अभाव

0

शान ठाकुर, पेटलावद

नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 01 स्थित माधव कॉलोनी के रहवासियों ने मंगलवार को आयोजित कलेक्टर की जनसुनवाई में पहुंचकर अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर एक विस्तृत आवेदन सौंपा। कॉलोनीवासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। रहवासियों द्वारा दिए गए आवेदन में बताया गया कि कॉलोनी में आज तक मूलभूत सुविधाओं की उचित व्यवस्था नहीं हो पाई है, जिसके कारण लोगों को प्रतिदिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आवेदन में प्रमुख रूप से बिजली व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, सड़क, नाली, साफ-सफाई और सुरक्षा संबंधी समस्याओं को उठाया गया।

रात में अंधेरे से बढ़ रहा भय का माहौल

कॉलोनीवासियों ने बताया कि क्षेत्र में पर्याप्त बिजली व्यवस्था एवं स्ट्रीट लाइट की सुविधा नहीं होने के कारण रात के समय पूरा इलाका अंधेरे में डूबा रहता है। इससे आए दिन चोरी और अन्य घटनाओं का भय बना रहता है। रहवासियों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।

जीव-जंतुओं का आतंक, दुर्घटना की आशंका

आवेदन में उल्लेख किया गया कि रात के समय आवारा पशुओं और जहरीले जीव-जंतुओं का आतंक बढ़ जाता है, जिससे रहवासियों में डर का माहौल बना रहता है। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।

नालियों के अभाव में गंदगी और बीमारियों का खतरा

रहवासियों ने बताया कि कॉलोनी में नालियों का निर्माण नहीं होने से गंदा पानी जमा रहता है। इसके कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है और बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। लोगों का कहना है कि गंदगी और बदबू से पूरे क्षेत्र का वातावरण खराब हो रहा है।

सड़क नहीं होने से उड़ रही धूल

कॉलोनीवासियों ने आवेदन में यह भी बताया कि हमारे क्षेत्र में पक्की सड़क नहीं होने से दिनभर धूल उड़ती रहती है। बारिश के दिनों में स्थिति और अधिक खराब हो जाती है, जहां कीचड़ और जलभराव के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो जाता है।

कई बार शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई

रहवासियों ने प्रशासन को अवगत कराया कि वे मौखिक, लिखित एवं सीएम हेल्पलाइन 181 पर भी कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक समस्याओं के निराकरण के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

जनसुनवाई में कार्रवाई की मांग 

कॉलोनीवासियों ने कलेक्टर से मांग की है कि समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द आवश्यक व्यवस्थाएं करवाई जाएं ताकि कालोनीवासियों को राहत मिल सके। आवेदन देते समय बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी उपस्थित रहे और उन्होंने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

Leave A Reply

Your email address will not be published.