शान ठाकुर, पेटलावद अखण्ड ज्योति शताब्दी एवं वंदनीय माताजी भगवतीदेवी शर्मा के जन्मशताब्दी वर्ष के पावन उपलक्ष्य में अखिल विश्व गायत्री परिवार पेटलावद द्वारा ग्राम अनन्तखेड़ी, तहसील पेटलावद में भव्य पंचकुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के पूर्व गायत्री परिजनों द्वारा समस्त ग्रामवासियों को पीले चावल देकर स्नेहपूर्वक आमंत्रित किया गया। आयोजन के एक दिन पूर्व संध्या बेला में भव्य मंगल कलश यात्रा निकाली गई तथा दीपयज्ञ सम्पन्न हुआ, जिसमें ग्रामवासियों ने उत्साह एवं उमंग के साथ सहभागिता की। आज सम्पन्न हुए पंचकुंडीय गायत्री महायज्ञ में बड़ी संख्या में ग्रामवासियों ने श्रद्धा एवं भावपूर्ण वातावरण में आहुतियां अर्पित कीं। यज्ञ की पूर्णाहुति के अवसर पर वरिष्ठ गायत्री परिजन जीवन भट्ट ने यज्ञ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित लोगों से अपने जीवन की कम से कम एक बुराई त्यागने का आह्वान किया। साथ ही व्यसन मुक्ति, व्यवस्थित दिनचर्या, बच्चों को टीवी एवं मोबाइल की लत से दूर रखने, चन्दन धारण के महत्व, गायत्री मंत्र लेखन एवं गायत्री साधना जैसे प्रेरणादायी विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। इस अवसर पर ग्रामवासियों को मंत्र लेखन पुस्तिकाओं का निःशुल्क वितरण किया गया तथा उन्हें पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के सत्साहित्य के अध्ययन हेतु प्रेरित किया गया। यज्ञ कर्म का संचालन राजेंद्र मोरिया और रजनीकांत शुक्ला द्वारा विधिवत सम्पन्न कराया गया। कार्यक्रम के दौरान चेतन शर्मा एवं तुषार जी द्वारा सुमधुर प्रज्ञागीतों की प्रस्तुति दी गई, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम से ग्रामवासी अत्यंत प्रसन्न एवं प्रेरित हुए। सभी ने प्रतिवर्ष ग्राम में पंचकुंडीय गायत्री महायज्ञ आयोजित करवाने तथा अपने-अपने घरों में भी गायत्री यज्ञ सम्पन्न कराने का संकल्प लिया। Post navigation लायन अनिल शर्मा ‘रीजन चेयरपर्सन’ के गरिमामयी पद पर मनोनीत पेटलावद की माधव कॉलोनी में मूलभूत सुविधाओं का अभाव