शान ठाकुर, पेटलावद पेटलावद तहसील के ग्राम पंथबोराली निवासी विकलांग नाथू पिता धन्ना गरवाल के साथ बिजली बिल जमा कराने के नाम पर हुई कथित ठगी के मामले में आखिरकार राहत मिल गई है। “झाबुआ लाइव” द्वारा मामले को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद आरोपी पक्ष हरकत में आया और बिजली विभाग में पेनल्टी सहित बकाया राशि जमा कर दी गई। इसके बाद पीड़ित के घर की बिजली दोबारा शुरू कर दी गई है। गौरतलब है कि नाथू गरवाल ने जनसुनवाई में आवेदन देकर आरोप लगाया था कि ग्राम तारखेड़ी निवासी कमलेश कुमार गवली ने बिजली बिल जमा कराने के नाम पर उससे करीब 1500 रुपये लिए थे, लेकिन राशि विभाग में जमा नहीं कराई। लगातार बकाया बढ़ने के कारण बिजली विभाग ने उसके घर का कनेक्शन काट दिया था, जिससे विकलांग पीड़ित और उसका परिवार अंधेरे में रहने को मजबूर हो गया था। मामले को “झाबुआ लाइव” ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था, जिसके बाद पूरे मामले में हलचल हुई ओर खबर प्रकाशित होने के बाद कमलेश कुमार गवली ने बिजली विभाग पहुंचकर पेनल्टी सहित पूरी राशि जमा करवाई। पीड़ित नाथू गरवाल ने राहत मिलने पर प्रशासन और मीडिया का आभार जताया है। वहीं क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है कि यदि समय रहते कार्रवाई होती तो एक विकलांग परिवार को इतनी परेशानी नहीं उठानी पड़ती। स्थानीय लोगों ने भी मांग की है कि ऐसे मामलों में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो ताकि भविष्य में गरीब और जरूरतमंद लोगों के साथ इस प्रकार की घटनाएं न हों। मामले में बिजली विभाग के ए.ई. हेमन्त बामनिया ने बताया कि सूचना मिलते ही हमने तत्तकाल एक्शन लिया है और पीड़ित के घर की लाइट चालू करवाकर सबन्धित से पेनल्टी सहित राशि जमा करवा ली गई है। और कार्यवाई हेतु प्रतिवेदन भी तैयार किया गया है। Post navigation अस्पताल में पत्थरबाजी करने वाला निकला स्वास्थ्य विभाग का कर्मचारी शॉर्ट सर्किट से खेत में लगी आग, लकड़ियां व कृषि सामग्री जलकर खाक