स्कूल के कर्मचारी थान सिंह डावर की ऐतिहासिक विदाई: शिक्षकों ने कंधों पर बिठाकर घुमाया

0

जितेंद्र वर्मा, जोबट

मध्यप्रदेश के अलीराजपुर जिले के जोबट स्थित बालक उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में एक भावुक और यादगार विदाई समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय में पदस्थ चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थान सिंह डावर के सेवानिवृत्त होने पर शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने उन्हें ऐसी विदाई दी, जो अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई है। इस दौरान शिक्षकों एवं स्टाफ ने थान सिंह डावर को अपने कंधों पर बिठाकर पूरे विद्यालय परिसर में घुमाया। ढोल-नगाड़ों की गूंज और तालियों की गड़गड़ाहट के बीच का यह दृश्य उपस्थित सभी लोगों के लिए अविस्मरणीय बन गया। इस अनोखी विदाई का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसे लोग “सम्मान की सच्ची मिसाल” और “दिल से दी गई विदाई” बता रहे हैं।

मूल रूप से ग्राम बड़ा गुड़ा (तहसील जोबट) निवासी थान सिंह डावर ने वर्षों तक विद्यालय में अपनी सेवाएं दीं। उनके सरल स्वभाव, अनुशासन और समर्पण के चलते वे विद्यालय परिवार के हर सदस्य के दिल के करीब रहे। यह विदाई संदेश देती है कि किसी संस्था की मजबूती केवल अधिकारियों या शिक्षकों से नहीं, बल्कि उन कर्मचारियों से भी होती है, जो वर्षों तक ईमानदारी और निष्ठा से अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं।

सामुदायिक भवन में हुआ गरिमामय कार्यक्रम 

इस अवसर पर सामुदायिक भवन, खंड शिक्षा कार्यालय जोबट में भी एक भावपूर्ण विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी रघुनाथ सिंह रावत, संकुल प्राचार्य अरविन्द बघेल एवं बीआरसी प्रवीण प्रजापत द्वारा किया गया। कुमारी शर्मिला सोलंकी द्वारा सरस्वती वंदना की सुंदर प्रस्तुति दी गई, जिसने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। वहीं, श्रीमती सोनाली जमरा द्वारा प्रस्तुत विदाई गीत ने सभी को भावुक कर दिया। कार्यक्रम में पुष्पक बाबूजी द्वारा प्रस्तुत गीत ने भी आयोजन में विशेष रंग भर दिया।

अधिकारियों व शिक्षकों ने की सेवाओं की सराहना 

मुख्य वक्ता के रूप में खंड शिक्षा अधिकारी रघुनाथ सिंह रावत और संकुल प्राचार्य अरविन्द बघेल ने थान सिंह डावर के दीर्घ, प्रेरणादायी सेवाकाल, समर्पण, ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर शिक्षक लाल सिंह डावर ने अपने अनुभव साझा किए। अभिनंदन पत्र का वाचन अमन सिंह चौहान द्वारा प्रभावी ढंग से किया गया, जबकि कार्यक्रम का कुशल एवं प्रभावशाली संचालन पवन कुमार वाणी ने किया।

शॉल, श्रीफल और साफा बांधकर किया सम्मान 

समारोह में थान सिंह डावर को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर तथा साफा पहनाकर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई तथा उनके स्वस्थ, सुखमय एवं मंगलमय जीवन की कामना की गई। इस अवसर पर बालक संकुल के संदीप खत्री, चंद्रशेखर राठौड़, राकेश मायडा, मोहन सिंह बघेल, राजकुमार सालवी, जगदीश परमार, पाताल सिंह चौहान, संजय रावत, हेमलता बघेल, नीलम पेजी डावर, सरोज राठौर, रेम सिंह चौहान, बसंत सिंह सोलंकी, प्रमोद डावर, अंतर सिंह चौहान, अरविंद चौहान सहित समस्त शिक्षकगण, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी एवं श्री डावर के परिवारजन उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.