रेलवे स्टेशन पर 2 दिन से भटक रहा युवक मिला, पुलिस ने दिखाई तत्परता—परिजनों से कराया संपर्क

0

जितेंद्र वर्मा, जोबट

जोबट रेलवे स्टेशन पर पिछले दो दिनों से भटक रहे एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक को पुलिस ने सुरक्षित संरक्षण में लेकर सराहनीय कार्य किया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए न केवल युवक को सुरक्षित किया, बल्कि उसके परिजनों से संपर्क कर उसे उनके सुपुर्द करने की प्रक्रिया भी शुरू की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसडीओपी रविंद्र राठी को सूचना मिली थी कि एक युवक बीते दो दिनों से रेलवे स्टेशन परिसर में असामान्य स्थिति में इधर-उधर घूम रहा है। युवक की हालत को देखते हुए आशंका जताई गई कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ है और किसी परेशानी में हो सकता है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम को तत्काल मौके पर भेजा गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को समझाइश देकर अपने संरक्षण में लिया और उससे पूछताछ की। पूछताछ के दौरान युवक ने अपना नाम मोहम्मद हुसैन, पिता मोहम्मद इसाक बताया। आगे जानकारी जुटाने पर पता चला कि युवक उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के थाना रूरा क्षेत्र का निवासी है और वह 25 अप्रैल से अपने घर से लापता था। परिजनों से संपर्क करने पर यह भी सामने आया कि युवक मानसिक बीमारी से पीड़ित है, जिसके चलते वह घर से निकलकर भटकते-भटकते जोबट पहुंच गया। युवक के सुरक्षित मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों ने राहत की सांस ली और जोबट पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस द्वारा दिखाई गई इस संवेदनशीलता और तत्परता की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की मानवीय पहल पुलिस के प्रति विश्वास को और मजबूत करती है। इस घटना ने यह भी दर्शाया है कि समय पर मिली सूचना और त्वरित कार्रवाई से किसी भी बड़ी अनहोनी को टाला जा सकता है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं कोई व्यक्ति संदिग्ध या असहाय स्थिति में दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि उसकी समय रहते मदद की जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.