पारा में अघोषित बिजली कटौती से दिग्विजय सरकार की यादें हुईं ताजा, गर्मी और शादी के सीजन में व्यापारी परेशान

0

अशोक बलसोरा

पारा क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह से बिजली की आंख-मिचौली जारी है, जिससे लोगों को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की सरकार के समय की अघोषित कटौतियों की याद आने लगी है। भीषण गर्मी के इस मौसम में बेतहाशा बिजली कटौती की जा रही है, जिसके कारण ग्रामीणों और व्यापारियों में भारी रोष व्याप्त है। बिजली गुल रहने से व्यवसाय प्रभावित हो रहा है और व्यापारियों को लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है। विद्युत कंपनी की यह लचर कार्यप्रणाली सीधे तौर पर प्रदेश की मोहन यादव सरकार पर सवालिया निशान खड़ी कर रही है और जनता का आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

मेंटेनेंस के नाम पर 4 से 6 घंटे की अघोषित कटौती

जब बिजली विभाग के अधिकारियों से कटौती का कारण पूछा जाता है, तो वे लोड शेडिंग, केबल बदलने और लाइन फॉल्ट आदि का बहाना बना देते हैं। स्थानीय लोगों और व्यापारियों का सवाल है कि यदि परमिट लेकर केबल बदलने या मेंटेनेंस का कार्य करना ही था, तो यह गर्मी के चरम पर और शादियों के पीक सीजन में ही क्यों किया जा रहा है? यह कार्य ऑफ-सीजन या पहले क्यों नहीं किया गया।

जनप्रतिनिधियों की खामोशी से बढ़ रही विभाग की मनमर्जी

क्षेत्र की जनता की खामोशी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की लापरवाही के कारण विद्युत कंपनी और उसके कर्मचारी अपनी मनमर्जी चला रहे हैं। वर्तमान में शादियों का सीजन चल रहा है, जो जनजाति समाज सहित सभी वर्गों के लिए व्यापार और आयोजनों का मुख्य समय होता है। ऐसे में विद्युत मंडल का यह गैर-जिम्मेदाराना रवैया सीधे तौर पर जन आक्रोश को भड़काने का काम कर रहा है। इससे आम जनता के बीच सरकार की छवि भी खराब हो रही है।

पूर्व सूचना देकर हो सीमित कटौती 

ग्रामीणों और व्यापारियों की मांग है कि यदि फॉल्ट सुधारने या लाइन शिफ्टिंग का कार्य बहुत जरूरी है, तो पूर्व सूचना देकर एक या दो घंटे की ही निर्धारित कटौती की जाए। वर्तमान में बिना बताए 4 से 6 घंटे तक की जा रही कटौती आम जनता को सिर्फ परेशान करने का काम कर रही है। वरिष्ठ अधिकारियों को इस मामले में तत्काल संज्ञान लेकर व्यवस्था सुधारनी चाहिए, अन्यथा आने वाले दिनों में विभाग को आम जनता और व्यापारियों के कड़े आक्रोश का सामना करना पड़ सकता है।

यह बोले जनप्रतिनिधि

यह भाजपा सरकार केवल किसानों को ओर आम जनता को परेशान किया जा रहा हे और विद्युत कंपनी के अधिकारी अपनी मनमर्जी चला रहे हे संभाल जाए वरना काग्रेस पार्टी उग्र आंदोलन करेगी।
सतीश अजनर, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष रामा

मैं अभी बात करता हूं, विद्युत मंडलके अधिकारियों से आम जनता को परेशान नहीं होने दिया जाएगा।

राजेश परागी, भाजपा मंडल अध्यक्ष पारा

Leave A Reply

Your email address will not be published.