बरवेट संकुल के स्कूलों व बालिका छात्रावास का आकस्मिक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश

0

पेटलावद। कलेक्टर योगेश तुकाराम भरसट द्वारा 18 अप्रैल को आयोजित समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन में बुधवार 22 अप्रैल 2026 को खंड स्त्रोत समन्वयक श्रीमती रेखा गिरि स्वामी ने बरवेट संकुल की विभिन्न शालाओं एवं अंतर्गत संचालित बालिका छात्रावास बावड़ी का आकस्मिक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान छात्रावास में दर्ज 50 बालिकाओं में से 35 बालिकाएं उपस्थित पाई गईं। समन्वयक ने बालिकाओं से चर्चा कर भोजन की गुणवत्ता, आवासीय सुविधाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। बालिकाओं ने बताया कि भोजन निर्धारित मीनू के अनुसार दिया जा रहा है। छात्रावास में वार्डन राजलक्ष्मी एवं सहायक वार्डन सुनीता मौर्य के निवासरत रहने की जानकारी भी सामने आई। निरीक्षण के समय समस्त स्टाफ उपस्थित मिला।

समन्वयक ने निर्देश दिए कि प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण बालिकाओं के फोटो एवं उनके प्राप्तांक संस्थान की दीवार पर प्रदर्शित किए जाएं, जिससे अन्य छात्राओं को प्रोत्साहन मिल सके। साथ ही खेल एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियां नियमित रूप से आयोजित कर उनके फोटो व वीडियो भेजने के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान पेयजल टंकी, भंडार गृह, रसोईघर, शौचालय एवं परिसर की साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए। छात्राओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा सभी आवश्यक अभिलेखों का नियमित संधारण करने पर भी जोर दिया गया।

स्कूल निरीक्षण के दौरान प्राथमिक शिक्षकों को कक्षा पहली में न्यूनतम 20 बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। संस्था प्रमुखों को प्रत्येक शिक्षक को कम से कम पांच नए विद्यार्थियों के नामांकन का लक्ष्य निर्धारित करने के लिए कहा गया। साथ ही मध्यान्ह भोजन निर्धारित मीनू के अनुसार तैयार करने एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए आवश्यक प्रयास करने के निर्देश भी दिए गए।

इसके अतिरिक्त जन शिक्षक एवं खंड अकादमिक समन्वयकों को प्रतिदिन विद्यालयों का भ्रमण कर ऑनलाइन मॉनिटरिंग रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। जल संवर्धन कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक संस्था में स्वच्छ पेयजल व्यवस्था एवं साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।

माध्यमिक विद्यालयों में रंगोली, चित्रकला, रैली, भाषण, निबंध जैसी विभिन्न रचनात्मक गतिविधियां आयोजित कर विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने तथा उनके फोटो एवं वीडियो प्रेषित करने के निर्देश भी समन्वयक द्वारा दिए गए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.