भूपेंद्र चौहान, चंद्रशेखर आजाद नगर

जोबट विधानसभा क्षेत्र की सक्रिय विधायक श्रीमती सेना महेश पटेल ने चंद्रशेखर आजाद नगर के प्रमुख सार्वजनिक स्थल—पार्क की भूमि पर प्रस्तावित दुकान एवं बस स्टैंड निर्माण को लेकर गंभीर आपत्ति दर्ज कराई है। उन्होंने इस विषय में जिला कलेक्टर को विस्तृत पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है और साफ तौर पर कहा है कि इस प्रकार का निर्माण न केवल अनुचित है, बल्कि ऐतिहासिक एवं सामाजिक दृष्टि से भी गलत संदेश देता है।

विधायक द्वारा भेजे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि नगर परिषद द्वारा हाल ही में एक प्रस्ताव पारित कर पार्क की भूमि पर बस स्टैंड एवं दुकानों के निर्माण की योजना बनाई गई है। इस प्रस्ताव को लेकर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि जिस भूमि का उपयोग वर्षों से सामाजिक, सांस्कृतिक एवं जनहित के कार्यक्रमों के लिए किया जाता रहा है, उसे व्यावसायिक गतिविधियों में बदलना जनभावनाओं के साथ सीधा खिलवाड़ है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि चंद्रशेखर आजाद जैसे महान स्वतंत्रता सेनानी के नाम पर स्थापित इस स्थल की एक ऐतिहासिक एवं भावनात्मक पहचान है। ऐसे स्थान पर दुकान निर्माण की अनुमति देना उनके नाम और बलिदान का अपमान माना जाएगा। विधायक ने कहा कि यह निर्णय नगर की सांस्कृतिक विरासत को नुकसान पहुंचाने वाला है और इससे आमजन में आक्रोश पैदा होना स्वाभाविक है।

विधायक सेना महेश पटेल ने अपने पत्र में कलेक्टर से आग्रह किया है कि नगर परिषद के इस प्रस्ताव पर तत्काल रोक लगाई जाए और पार्क की मूल उपयोगिता को बनाए रखा जाए। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस प्रकार के निर्माण कार्य को अनुमति दी गई तो यह व्यापक जनविरोध का कारण बन सकता है।

इस पूरे मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के बीच इस निर्णय को लेकर मतभेद भी उभरने लगे हैं। कई लोगों ने भी पार्क की भूमि पर किसी भी प्रकार के व्यावसायिक निर्माण का विरोध करते हुए इसे जनहित के खिलाफ बताया है।

अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मामले में क्या रुख अपनाता है। फिलहाल विधायक के हस्तक्षेप के बाद यह मुद्दा तूल पकड़ता नजर आ रहा है और आने वाले दिनों में इस पर बड़ा निर्णय लिया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *