जोबट वन क्षेत्र में लगी भीषण आग, आग लगने का कारण अज्ञात

0

जितेंद्र वर्मा, जोबट

अलीराजपुर जिले के जोबट वन क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत चमार बेगड़ा के वन विभाग बीट नंबर 59 में रविवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते आग ने जंगल के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया।

स्थानीय ग्रामीणों ने घटना की जानकारी वन विभाग को दी, जिसके बाद वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैल रही थी, जिससे जंगल के पेड़-पौधों को नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।

वन अधिकारी ने बताया कि आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड जोबट के साथ-साथ आजाद नगर (भाबरा) से भी दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने में मदद की। जंगल का क्षेत्र पहाड़ी और ऊबड़-खाबड़ होने के कारण आग बुझाने में काफी कठिनाइयां आईं, इसलिए आग पर काबू पाने के लिए ब्लोवर मशीन का भी उपयोग किया गया। वन अधिकारी के अनुसार इस घटना में मुख्य रूप से सूखी घास और सूखे पत्ते जल गए हैं, जबकि राहत की बात यह है कि वन्य प्राणी सुरक्षित हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और इसे अज्ञात कारणों से लगी आग बताया जा रहा है। वन विभाग ने लोगों से जंगल क्षेत्रों में आग से बचाव को लेकर सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.