हाईटेक सुरक्षा के बीच लगेगा जोबट का भगोरिया मेला, सीसी टीवी कैमरे और ड्रोन से रहेगी निगरानी

0

जितेंद्र वर्मा, जोबट

आदिवासी संस्कृति और परंपरा के प्रतीक भगोरिया पर्व को लेकर इस बार प्रशासन ने अभूतपूर्व सुरक्षा इंतजाम किए हैं। नए बस स्टैंड परिसर में लगने वाले भगोरिया मेले में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह हाईटेक रहेगी, ताकि हजारों की भीड़ के बीच भी उत्सव शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।

मेले क्षेत्र में 15 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिनकी लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी। इसके साथ ही दो ड्रोन कैमरे आसमान से पूरे मेले की गतिविधियों पर नजर रखेंगे। भीड़भाड़ वाले इलाकों, मंच क्षेत्र और मुख्य मार्गों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

मेले के बीच बनेगा पुलिस कंट्रोल सेंटर

इस बार सबसे खास व्यवस्था यह है कि मेले के बीचो-बीच पुलिस अधिकारियों का विशेष नियंत्रण केंद्र स्थापित किया जाएगा,यहां से वरिष्ठअधिकारी वायरलेस सेट और मॉनिटरिंग सिस्टम के माध्यम से पूरे मेले पर सीधी नजर रखेंगे। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे,सुरक्षा के अन्य प्रमुख इंतजाम प्रवेश और निकास द्वारों पर सघन जांच अतिरिक्त पुलिस बल और महिला सुरक्षा टीम तैनात ट्रैफिक व्यवस्था के लिए अलग से पुलिस व्यवस्था संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

उत्साह और परंपरा का संगम

भगोरिया मेला आदिवासी समाज की आन-बान-शान का प्रतीक है। पारंपरिक वेशभूषा, ढोल-मांदल की थाप, गेर नृत्य और रंग-बिरंगे बाजार इसकी खास पहचान हैं। प्रशासन की मंशा है कि परंपरा का यह पर्व हर्षोल्लास और सुरक्षा दोनों के साथ संपन्न हो,पुलिस प्रशासन ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस कर्मी या कंट्रोल सेंटर को दे।

राजेश जी डुडवे ने की आम जनता से अपील 

जनजाति विकास मंच के जिला अध्यक्ष राजेश डुडवे ने समस्त जिलेवासियों को आदिवासी संस्कृति के ‘भगोरिया’ पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने समाज से अपील करते हुए कहा भगोरिया हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पूर्वजों की अनमोल धरोहर है। मेरा आग्रह है कि आदिवासी समाज इस पावन पर्व को अपनी गौरवशाली परंपराओं के अनुरूप पूरी मर्यादा, अपार उत्साह और उमंग के साथ मनाए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.