सरपंच के समर्थन में उतरा पाटीदार समाज, झूठी FIR बताकर निष्पक्ष जांच की मांग

0

जावरा। ग्राम हरियाखेड़ा में शनिवार को हुए सनसनीखेज घटनाक्रम ने अब सामाजिक और राजनीतिक रूप ले लिया है। गांव में लक्ष्मीचंद्र का शव पानी की टंकी पर लटका हुआ मिलने के बाद पुलिस ने सरपंच जितेन्द्र पाटीदार एवं उनके परिवार के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया था, लेकिन अब पाटीदार समाज खुलकर सरपंच के समर्थन में सामने आ गया है। 

समाजजनों ने पूरे मामले को राजनीतिक दबाव में दर्ज झूठी FIR बताते हुए उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। रविवार को पाटीदार समाज तहसील जावरा के बैनर तले समाज के पदाधिकारी और ग्रामीण बड़ी संख्या में थाने पहुंचे और एसपी के नाम सीएसपी युवराजसिंह चौहान एवं थाना प्रभारी विक्रमसिंह चौहान को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि घटना को जानबूझकर राजनीतिक रंग देकर सरपंच और उनके परिवार को फंसाया जा रहा है।

समाजजनों का आरोप है कि मृतक लक्ष्मीचंद्र की मौत प्रथम दृष्टया दुर्घटना प्रतीत होती है, लेकिन कुछ लोगों द्वारा इसे हत्या अथवा आत्महत्या का रूप देकर सरपंच को बदनाम किया जा रहा है। ज्ञापन में यह आशंका भी जताई गई कि कहीं किसी ने योजनाबद्ध तरीके से हत्या कर सरपंच परिवार को फंसाने की साजिश तो नहीं रची।

ज्ञापन सौंपने के दौरान तहसील अध्यक्ष गौरीशंकर पाटीदार, युवा संगठन अध्यक्ष भरत पाटीदार, लखन पाटीदार, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राकेश पाटीदार, जिला अध्यक्ष अमित पाटीदार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। समाज ने चेतावनी दी है कि यदि निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.