मंदिरों में पूजा-अर्चना के बाद 8.54 करोड़ की विकास परियोजनाओं का भूमि पूजन, लोक माता देवी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा का किया अनावरण
थांदला। नगरीय प्रशासन एवं आवास विभाग के मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय एवं पेटलावद विधायक सुश्री निर्मला भूरिया शनिवार देर शाम झाबुआ जिले के ऐतिहासिक नगर थांदला पहुंचे। यहां उनके आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। मंत्री श्री विजयवर्गीय ने थांदला में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान धार्मिक आस्था के साथ विकास कार्यों की बड़ी सौगात भी नगरवासियों को दी।
मंदिरों में पूजा-अर्चना और लोक माता अहिल्याबाई की प्रतिमा का अनावरण
थांदला पहुंचने के बाद मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने सबसे पहले नगर के काशी विश्वनाथ मंदिर सहित कई प्राचीन मंदिरों में मत्था टेका और पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने देवी-देवताओं से प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।
देवी अहिल्याबाई की मूर्ति का अनावरण
वार्ड क्रमांक 11 स्थित लोक माता देवी मंदिर पहुंचे। मां पद्मावती नदी के तट पर स्थित इस मंदिर परिसर में लोक माता देवी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा का अनावरण किया गया। यह अनावरण समारोह लोक माता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था।

आस्था का प्रतीक
छोटी काशी थांदला स्थित यह काशी विश्वनाथ मंदिर ऐतिहासिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिसका निर्माण लोक माता देवी अहिल्याबाई होल्कर द्वारा संवत 1662 में कराया गया था। इस मंदिर में आज भी स्थापत्य कला की झलक और प्राचीनता लोगों को अपनी ओर आकर्षित करती है।
भूमि पूजन व प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में नागरिकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति
शासन की महत्त्वपूर्ण अमृत 2.0 एवं स्वच्छ भारत मिशन 2.0 योजनान्तर्गत स्वीकृत प्रोजेक्टों के भूमि पूजन तथा लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी सुनील पणदा, उपाध्यक्ष पंकज राठौर,भाजपा जिला उपाध्यक्ष समर्थ उपाध्याय एवं पार्षदगणों द्वारा सूक्ष्मता एवं समन्वय के साथ तैयार की गई। सुदृढ़ योजना और सुव्यवस्थित प्रबंधन के परिणामस्वरूप कार्यक्रम को अत्यंत भव्यता और गरिमा के साथ संपन्न किया गया। नगर के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक बढ़-चढ़कर भाग लिया और इस अवसर को अविस्मरणीय बना दिया।
अमृत 2.0 योजनान्तर्गत 8.54 करोड़ की 6 परियोजनाओं का भूमि पूजन
धार्मिक अनुष्ठानों के बाद मंत्री श्री विजयवर्गीय ने थांदला नगर परिषद द्वारा संचालित अमृत 2.0 एवं स्वच्छ भारत मिशन 2.0 योजनान्तर्गत स्वीकृत 6 विकास परियोजनाओं का 8 करोड़ 54 लाख रुपये की लागत से होने वाले कार्यों का भूमि पूजन किया। कार्यक्रम स्थल से ही उन्होंने इन परियोजनाओं का विधिवत भूमि पूजन कर नगरवासियों को विकास की नई सौगातें दीं। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष भानु भूरिया, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
