नया शैक्षणिक सत्र : संस्कार पब्लिक स्कूल में पहले दिन बच्चों में भरपूर उत्साह नजर आया

थांदला। गर्मी की छुट्टी! यह शब्द सुनते ही बच्चों के मन में असीम उत्साह पैदा हो जाता है। यद्यपि इस साल गर्मी अपेक्षाकृत अधिक रही तथापि बच्चों ने अपने परिजनों के साथ इसका भरपूर आनंद उठाते हुए अब नई उमंग और उत्साह के साथ स्कूल की ओर कदम बढ़ा लिया है। अप्रैल माह की कुछ दिनों की पढ़ाई के साथ  बच्चे अपने अध्ययन को और आगे बढ़ाने हेतु आतुर हैं। 

संस्कार पब्लिक स्कूल में भी पहले दिन बच्चों में भरपूर उत्साह देखा गया। अपने मित्र जनों से बातचीत करते हुए बच्चों में यह देखा गया कि अब इस आने वाले वर्ष में हमें पढ़ाई की रूपरेखा बनाकर किस प्रकार से अपने परिश्रम को अंजाम देना है। पुनः प्रवेश के पहले दिन संस्था के प्राचार्य ललित कांकरिया, एकेडमिक डायरेक्टर ममता कांकरिया एवं श्रीयक कांकरिया ने बच्चों को आने वाले शैक्षणिक वर्ष की शुभकामनाएं दी। प्राचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि परिश्रम की पाठशाला में ही ज्ञान के कमल खिलते हैं। अगर मन में एक लगन और जज़्बा हो तो सफलता कब कदम चूम लेती है पता ही नहीं चलता। विद्यार्थियों को कक्षा के पहले दिन से ही अपना लक्ष्य निर्धारण कर सकारात्मक सोच और दृढ़ आत्मविश्वास के साथ परिश्रम करते रहना चाहिए। विद्यालय के समस्त स्टाफ ने भी नवीन सत्र के लिए शुभकामनाएं बच्चों को प्रेषित की।

Comments are closed.