थांदला। ईसाई समाज द्वारा चैनपुरी स्थित मां मरियम का पर्व बड़ी धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विगत नौ दिन से चले आ रहे तीर्थस्थल पर धार्मिक आयोजन के साथ पर्व का समापन हुआ।
समाज के मीडिया प्रभारी विकास रावत, पीटर बबेरिया ने बताया कि दीन दुखियों की मां मरियम चैनपुरी स्थित तीर्थस्थल पर प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी मां मरियम के आदर में बड़े धूम-धाम व हर्षोल्लास के साथ दीन दुखियों की मां मरियम का त्यौहार मनाया गया। उक्त ऐतिहासिक त्यौहार को मनाने के लिए दूरदराज से धर्मावलंबी आते हैं। समापन समारोह के दौरान समाजजनों द्वारा स्थानीय चर्च परिसर थांदला से चैनपुरी तीर्थस्थल तक जुलूस निकाला गया। जुलूस में मां मरियम की पालकी लिए उनके आदर में ढोल, मांदल, रोजरी माला, गीत संगीत,बजाते हुए जुलूस चैनपुरी तीर्थस्थल पहुंचा। जहां पर बालिकाओं द्वारा स्वागत नृत्य करते हुए पुरोहितों का स्वागत किया गया। तत्पश्चात पवित्र धार्मिक विधियां शुरू की गई। पल्ली परिषद के सचिव राजेंद्र बारिया द्वारा चैनपुरी तीर्थस्थल का इतिहास के बारे में बताया गया। पवित्र बाइबल पाठ का वाचन मुनसिंग माल, प्राची परमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर गांधी नगर गुजरात से पधारे मुख्य याजक आर्च बिशप थाॅमस मेकवान ने उपदेश देते हुए कहा कि मां मरियम सम्पूर्ण मानव जाति के उद्धारकर्ता की मां हैं, हमारी प्रार्थनाओं की सशक्त मध्यस्ता हैं। आज बहुत ही खुशी का दिन है जहां हम विश्व मदर्स डे मना रहे हैं तो वहीं आज हम इस ऐतिहासिक तीर्थस्थल का पर्व मना रहे हैं।
