चंद्रभान सिंह भदोरिया / झाबुआ

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव और मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रभारी दीपक बावरिया ने आज झाबुआ में मीडिया से चर्चा में एक बड़ा बयान दिया है। स्थानीय सर्किट हाउस पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान बावरिया ने कहा कि मध्यप्रदेश में 100 प्रतिशत हमारी सरकार बनने जा रही है और मालवा में तो बीजेपी का 80 फीसदी सीटों पर सफाया होकर उनकी जमानत जब्त होने जा रही है। हमने यह तय किया है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया या कमलनाथ में से कोई एक नेता हमारा मुख्यमंत्री बनेगा। यह पूछे जाने पर कि बीजेपी आम मतदाताओं को यह संदेश दे रही है कि दिग्विजयसिंह खुद सीएम बनना चाहते है तो क्या आप दिग्विजय सिंह की दावेदारी को पूरी तरह खारिज कर दिया गया है? इस पर दीपक बावरिया ने कहा कि जब सीएम कौन हो सकता है यह क्लियर कर दिया गया है तो अब कुछ कहने का मतलब ही नहीं है जनता खुद समझदार है। उन्होंने यह भी कहा कि हमारे पास यह फीडबैक है कि खुद अमित शाह चाहते है कि शिवराजसिंह चौहान सीएम का चेहरा न हो और नरेंद्रसिंह तोमर, नरोत्तम मिश्रा एंव कैलाश विजयवर्गीय में से किसी की ताजपोशी की तैयारी है। दीपक बावरिया ने मंदसौर रेप कांड को लेकर कहा कि बीजेपी अब मंदसौर रेप कांड मे आरोपियों की जाति देखकर मामले को सांप्रदायिक रंग देने की कवायद कर रही है जबकि बलात्कारी की कोई जाति और धर्म नहीं होती उसे तो फांसी ही देनी चाहिए। गौरतलब है कि दीपक बावरिया झाबुआ जिले की तीनो विधानसभा क्षेत्रों के कांग्रेस पदाधिकारियों ओर कार्यकर्ताओ की चुनाव की तैयारीयों के संदर्भ में बैठक लेने आज झाबुआ के प्रवास पर आये थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *